ईद मिलादुन्नबी पर्व पर जुलूस मार्ग पर प्रकाश, सफाई, पेयजल और फायर सेफ्टी के विशेष इंतजाम,निगमायुक्त ने अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

ईद मिलादुन्नबी पर्व पर जुलूस मार्ग पर प्रकाश, सफाई, पेयजल और फायर सेफ्टी के विशेष इंतजाम,निगमायुक्त ने अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

कटनी। ईद मिलादुन्नबी का पर्व 26 अगस्त 2026, बुधवार को मनाया जाएगा तथा इसी दिन दोपहर 2.30 बजे से जुलूस निकाला जाएगा। अंजुमन स्कूल, खिरहनी फाटक, बरगवां नेहरू वार्ड, झरना टिकुरिया, सुभाष चौक, अहमद नगर होते हुए दिलावर चौक पहुंचेगा। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होकर जुलूस अंजुमन इस्लामिया स्कूल में संपन्न होगा।

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा आदेश जारी कर प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी पर्व पर

नगर निगम द्वारा जुलूस मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार जुलूस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विद्युत पोल एवं झूलते तारों की आवश्यक जांच तथा सुधार, मार्गों की सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों एवं जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई के साथ मवेशियों के नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

पर्व के दौरान विभिन्न स्वागत एवं लंगर स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त डस्टबिन/कचरा संग्रहण की व्यवस्था करने तथा कार्यक्रम के बाद भी तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों एवं लंगर स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

 

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फायर विभाग को पुलिस नियंत्रण कक्ष के समन्वय से आवश्यकतानुसार फायर ब्रिगेड वाहन एवं स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने आयोजक समितियों से भी अपील की है कि कार्यक्रम एवं जुलूस के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

 

निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करते हुए व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ईद मिलादुन्नबी का पर्व सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

 

Exit mobile version