जलकर राहत योजना के तहत 50 प्रतिशत छूट का लाभ नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हुई तेज,निगम प्रशासन का कड़ा रुख,चार नल कनेक्शन हुए विच्छेदित
जलकर राहत योजना के तहत 50 प्रतिशत छूट का लाभ नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हुई तेज,निगम प्रशासन का कड़ा रुख,चार नल कनेक्शन हुए विच्छेदि
कटनी। नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को वर्षों से लंबित जलकर के बोझ से राहत देने के लिए परिषद निर्णय अनुसार लागू की गई सीमित अवधि की जलकर राहत योजना का लाभ लेने का अवसर लगातार दिया जा रहा है। योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के कुल बकाया जलकर पर 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। इसके बावजूद सूचना दिए जाने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध निगम प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम की गठित टीम ने चार बकायादार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की।
इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन हुए विच्छेदित
कार्रवाई के दौरान उपभोक्ता क्रमांक 1003300927 पर 27,968 रुपये, 1002309697 पर 73,000 रुपये, 1003484249 पर 5,674 रुपये तथा 1003483602 पर 90,404 रुपये का जलकर बकाया पाया गया। निगम प्रशासन द्वारा संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया जमा करने और राहत योजना का लाभ उठाने का अवसर दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं किए जाने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।
पुराना हिसाब चुकता करने का सुनहरा अवसर
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलकर राहत योजना बकायादार उपभोक्ताओं के लिए बकाया समाप्त करने का महत्वपूर्ण और सीमित अवसर है। उपभोक्ता नगर निगम कार्यालय, जोन कार्यालय एवं सुभाष चौक स्थित काउंटर पर पहुंचकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से 50 प्रतिशत बकाया जलकर जमा कर शेष 50 प्रतिशत की छूट का लाभ उठा सकते हैं। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि कार्रवाई की स्थिति बनने से पहले योजना का लाभ उठाकर अपना पुराना जलकर चुकता करें और नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचें।