पूर्व विधायक सौरभ सिंह, जिला ग्रामीण कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष महेंद्र जैन एवं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला के बीच अटका कांग्रेस शहर और ग्रामीण अध्यक्ष का मामला

पूर्व विधायक सौरभ सिंह, जिला ग्रामीण कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष महेंद्र जैन एवं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला के बीच अटका कांग्रेस शहर और ग्रामीण अध्यक्ष का मामल
दिल्ली में चल रही अंतिम चरण की माथापच्ची
ग्रामीण क्षैत्र के कुछ प्रभावी नेताओं की शिकायत के कारण करण सिंह चौहान का हटना तय
कटनी। एक महीने से चली आ रही कांग्रेस जिला संगठन सृजन की दिशा में प्रक्रिया अब अंतिम चरणों में है। हाईकमान की तरफ से कटनी के लिए नियुक्त किए गए एआइसीसी आब्जर्वर राघवेन्द्र सिंह ने जिले के कांग्रेस नेताओं व सदस्यों सहित आम जनता से चर्चा के बाद शहर व ग्रामीण अध्यक्ष की दावेदारी करने वाले नामों की लिस्ट तैयार कर हाईकमान को भेज दी। सवा साल से खाली पड़े शहर अध्यक्ष को भरने में असफल रही प्रदेश कांग्रेस इसी दबाव में 10 से 15 जुलाई के बीच कटनी के जिलाध्यक्ष के नामों की घोषणा कर सकती है। पार्टी जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं व शहर के लोगों के बीच पैठ रखने वाले और पार्टी के अंदर पांच साल से सक्रिय नेता को ही इस पद की जिम्मेदारी देगी। इसलिए शहर के उद्यमियों, समाजसेवियों, पत्रकारों, दुकानदारों और आम जनता के बीच जाकर उनसे भी राय मशविरा किया गया। बहरहाल जिले में शहर व ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई नेताओं ने दावेदारी की है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब केवल तीन नामों पर मंथन चल रहा है। जिसमें पूर्व विधायक सौरभ सिंह, जिला ग्रामीण कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष महेंद्र जैन एवं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला का नाम शामिल है। सूत्रों ने बताया कि रीठी के कांग्रेस नेता महेन्द्र जैन प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं जिला प्रभारी वीरेन्द्र द्विवेदी के खास हैं, ऐसे में जीतू पटवारी के प्रभाव के कारण महेंद्र जैन को ग्रामीण अध्यक्ष पद की जबाबदारी दी जा सकती है और यदि ऐसा हुआ तो फिर पूर्व विधायक सौरभ सिंह को शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं यदि जीतू पटवारी अपने खास महेन्द्र जैन को ग्रामीण अध्यक्ष नहीं बनवा पाते तो फिर सौरभ सिंह को ग्रामीण अध्यक्ष और जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला को शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बहरहाल लिस्ट 10 से 15 जुलाई के बीच जारी हो सकती है।
सूत्र ये भी बता रहे हैं कि बड़वाड़ा और विजयराघवगढ़ के दो प्रभावी कांग्रेस नेता और ग्रामीण क्षैत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओ की शिकायत पर जिला ग्रामीण कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष करण सिंह चौहान का हटना लगभग तय है।
सूत्रों के अनुसार पहले चरण में कटनी शहर अध्यक्ष में महिला कोटा तय करने पर विचार किया गया था लेकिन महिलाओं को प्रभावी दावेदारी सामने न आने के कारण इस विचार को निरस्त कर दिया गया।
सिंधी समाज को भी कांग्रेस से अपेक्षा
उधर कांग्रेस के संगठन चुनाव में सिंधी समाज को भी इस बार अपेक्षा है और उन्हे उम्मीद है कि इस बार शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिंधी समाज से हो सकता है। गौरतलब है कि भाजपा पहले ही सिंधी समाज के नेता को जिलाध्यक्ष बना चुकि है। ऐसे में इस बार कांग्रेस पर भी सिंधी समाज का दबाव है। शहर में कांग्रेस की नेतागिरी करने वाले राजा जगवानी इस बार शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदारी कर रहे हैं और वर्तमान में वो शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वही दूसरी ओर सिंधी समाज से माधवनगर के एकमात्र कांग्रेस पार्षद एवं नगर निगम के उप नेता प्रतिपक्ष ईश्वर बहरानी का नाम भी चर्चाओं में था।