ग्वालियर में धर्म परिवर्तन से इनकार पर नर्सिंग छात्रा पर जानलेवा हमला: बॉयफ्रेंड अदनान ने गले पर चलाया चाकू, 2 आरोपी गिरफ्तार

girl 1

ग्वालियर में धर्म परिवर्तन से इनकार पर नर्सिंग छात्रा पर जानलेवा हमला: बॉयफ्रेंड अदनान ने गले पर चलाया चाकू, 2 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से लव जिहाद और धर्म परिवर्तन के दबाव का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र स्थित तोमर कॉलोनी में धर्म परिवर्तन (इस्लाम अपनाने) से इनकार करने पर एक नर्सिंग की छात्रा पर उसके बॉयफ्रेंड अदनान खान ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने छात्रा को उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।

3 साल की दोस्ती, प्यार और फिर धर्म बदलने का दबाव

मूल रूप से शिवपुरी जिले के करैरा की रहने वाली छात्रा ग्वालियर में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता के मुताबिक, करीब 3 साल पहले एक सहेली के जरिए उसकी मुलाकात अदनान खान से हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। दोस्ती के वक्त अदनान ने कहा था कि उसके लिए सभी धर्म बराबर हैं। हालांकि, कुछ समय से अदनान उस पर लगातार इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा।

‘बात नहीं मानी तो वायरल कर दूंगा प्राइवेट फोटो’

छात्रा का आरोप है कि जब उसने धर्म परिवर्तन से साफ इनकार कर दिया, तो अदनान उसे अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर चाकू से सीधा वार कर दिया। छात्रा ने वक्त रहते खुद को पीछे खींचा, जिससे चाकू उसके गले को छूता हुआ निकल गया और वह घायल हो गई।

पुलिस एक्शन: अदनान और सरफराज गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में छात्रा माधौगंज थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने अदनान खान, सफी खान और सरफराज खान के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अदनान और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि हमले में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी, अश्लील फोटो-वीडियो के दावों और बाकी आरोपियों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।