जनसुरक्षा के मद्देनजर जर्जर एवं भयप्रद भवनों पर निगम की कार्रवाई जारी,गांधी गंज में जर्जर भवन को कराया गया जमींदोज, पूर्व में भवन स्वामी को दिया गया था नोटि
कटनी। नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ रोकने और संभावित हादसों की आशंका समाप्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा जर्जर एवं भयप्रद भवनों के विरुद्ध कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को महात्मा गांधी वार्ड स्थित गांधी गंज में श्रीमती सरला जैन के जर्जर भवन को सुरक्षा के दृष्टिगत जमींदोज कराया गया।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने समय-सीमा बैठक में जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर एवं दुर्घटना की आशंका वाले भवनों को नियमानुसार डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए हैं। कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह ने बताया कि संबंधित भवन का पूर्व में सर्वे कराकर उसे क्षतिग्रस्त एवं जर्जर घोषित किया गया था। भवन स्वामी को इसे हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अंतिम सूचना पत्र देने के बाद शुक्रवार को निगम अमले ने सुरक्षा मानकों के अनुरूप जेसीबी मशीन की सहायता से भवन को गिराने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि आसपास के नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका समाप्त की जा सके। मौके पर क्षेत्रीय यंत्री श्री रवि हनोते, अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह सहित कॉलोनी सेल एवं अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम प्रशासन की अपील
निगम प्रशासन ने नगर के जर्जर भवन स्वामियों से अपील की है कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे भवनों की मरम्मत अथवा नियमानुसार डिस्मेंटल कराने की जिम्मेदारी निभाएं, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।













