Latest

बिजली कंपनी के सहायक अभियंता के निवास पर ईओडब्लू का छापा,4 ठिकानों पर खंगाले जा रहे दस्तावेज, आय से अधिक संपत्ती के सबूत मिले, कटनी के सिटी डिविजनल ऑफिस में असिस्टेंट इंजीनियर हैं उमाशंकर पाराशर

कटनी। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विघुत वितरण कंपनी कटनी के सिटी डिविजनल आफिस में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थ उमाशंकर पाराशर के नरसिंहपुर स्थित निवास पर आज सुबह ईओडब्लू की टीम ने छापे मारी की। नरसिंहपुर जिले में शनिवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने बिजली कंपनी के असिस्टेंट इंजीनियर उमाशंकर पाराशर के 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जबलपुर से आई ईओडब्ल्यू की टीम में 15 सदस्य हैं। इंजीनियर के नरसिंहपुर, आमगांव के पास बीनेर ग्राम और निवारी गांव में स्थित ठिकानों की जांच की जा रही है। उमाशंकर पाराशर वर्तमान में कटनी के सिटी डिविजनल ऑफिस में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। वह पहले नरसिंहपुर में विजिलेंस विभाग में तैनात थे। एक वर्ष पूर्व उनका स्थानांतरण कटनी में किया गया था। ईओडब्ल्य के डीएसपी ए बी सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में पाराशर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं। टीम द्वारा पाराशर के नरसिंहपुर स्थित विपतपुरा इलाके के आवास, रोसरा स्थित दो अन्य निवास, निवारी गांव में कॉमन बायो केमिकल फैक्ट्री और बीनेर ग्राम में स्थित मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर कार्रवाई की जा रही है। यह प्लांट उनकी पत्नी के नाम पर बताया जा रहा है। जांच टीम द्वारा घरों, फैक्ट्री और अन्य ठिकानों से दस्तावेज, संपत्ति विवरण और लेनदेन से जुड़े अहम कागजात जब्त किए गए हैं। सभी संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है और पूरी सूची तैयार की जा रही है। ईओडब्ल्य के अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई अभी जारी है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

 

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक