भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ कार्यक्रम,भव्य निशान यात्रा के साथ भक्तिमय हुआ माधवनगर, भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी

Picsart 26 11 23 16 58 26 229

भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ कार्यक्रम,भव्य निशान यात्रा के साथ भक्तिमय हुआ माधवनगर, भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी

कटनी। खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर माधवनगर स्थित दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला के समीप शनिवार, 21 नवंबर को ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ भव्य धार्मिक एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने शामिल होकर बाबा खाटू श्याम के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। सायं 7 बजे मां आदिशक्ति मंदिर, समदड़िया सिटी से प्रारंभ हुई निशान यात्रा दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी मंदिर तक पहुंची। यात्रा में श्याम भक्त हाथों में निशान लेकर भक्ति भाव के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

रात्रि 8 बजे से आयोजित भजन संध्या में आमंत्रित संतों एवं पुजारियों की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री पुतिन बमबम महाराज जी (बब्बू जी सरकार), पुजारी मां शारदा शक्तिपीठ मैहर, श्री इन्द्र सिंह चौहान, पुजारी निज मंदिर खाटू श्याम जी तथा श्री पं. शिवा गोस्वामी, प्रधान पुजारी जगत जननी मां विंध्यवासिनी मंदिर, विंध्याचल धाम ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

भजन कार्यक्रम में कृष्णा अग्रवाल (झरिया), राजेश ग्रोवर एवं संजय नाकारा ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। बाबा के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। आयोजन के दौरान दिव्य भजनों के साथ श्याम रसोई की व्यवस्था भी की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इसे भी पढ़ें-  गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य बाइक रैली, जयकारों से गूंजा शहर,केसरिया निशान साहिब लेकर निकले युवा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संगत का किया स्वागत

पूरा आयोजन भक्ति, प्रेम और समर्पण के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहभागी बने सभी श्याम भक्तों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।