आयुक्त के फरमान से कचहरी चौराहे के स्ट्रीट वेंडर परेशान, सुबह से शाम तक इसी मार्ग पर डयूटी बजाता है नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता

कटनी(YASHBHARAT.COM)। नगर निगम कटनी में आयुक्त का प्रभार बदलने के बाद सबसे ज्यादा स्टेट बैंक तिराहे से लेकर कचहरी चौक और मोहन टॉकीज रोड पर मोदी सरकार के स्ट्रीट वेंडर परेशान हैं। सुबह से लेकर शाम तक नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता केवल इसी मार्ग को टारगेट करके स्ट्रीट वेंडरों को परेशान कर रहा है जबकि शहर के दूसरे क्षेत्रों जैसे झंडा बाजार, सिल्वर टॉकीज रोड, गोलबाजार, कमानिया गेट गली में बकायदा 10 फीट की दुकान के बाहर सडक़ तक सामान लगाकर समपन्न व्यापारी कारोबार कर रहे हैं लेकिन मजाल है कि नगर निगम आयुक्त के आदेश पर कभी नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता इन मार्गों पर जाकर कार्रवाई की हिम्मत जुटा पाता हो। अतिक्रमण दस्ते का कहना है कि यहां से नगर निगम आयुक्त की कार निकलती है, इसलिए इस मार्ग पर उनका विशेष ध्यान रहता है जबकि शहर के दूसरे क्षेत्रों में नगर निगम आयुक्त कभी जाती नहीं, इसलिए उनका ध्यान दूसरे क्षेत्रों पर नहीं रहता है।
वैसे भी गायब है कचहरी चौराहे की रौनक
पहले कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाद अब एसडीएम व तहसीलदार कार्यालय पुरानी कचहरी से स्थानांनतरित होने के बाद वैसे भी कचहरी चौराहे की रौनक गायब हो गई है। थोड़ा बहुत इन्ही स्ट्रीट वेंडरों की वजह से यहां चलह-पहल रहती है। उसमें भी अब नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते का ग्रहण लगा जा रहा है। असहाय गरीब स्ट्रीट वेंडर नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते की चेतावनी से परेशान होकर यहां-वहां अपनी मांग लेकर जा भी रहे हैं लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।







