Latestमध्यप्रदेश

Doctors Job in MP मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग से प्रदेश में 1456 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

Doctor Jobs in MP मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) से प्रदेश में 1456 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए इसी माह के अंत या अगले माह से साक्षात्कार शुरू होंगे। इसमें दो से तीन माह लगेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगस्त में डाक्टरों की चयन प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 5097 पद स्वीकृत हैं। इनमें 3378 पदस्थ हैं। इस तरह 1719 पद रिक्त हैं। इनमें से 1456 पदों को भरने के लिए पीएससी से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।

आवेदनों की छंटनी के बाद पात्र उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। दो से तीन माह तक साक्षात्कार चलेगा। इसके बाद परिणाम तैयार किया जाएगा। इस तरह अगस्त अंत या सितंबर में चयनित डाक्टरों की सूची जारी होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि पहली प्राथमिकता प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों के सभी पद भरना है।

तीन सौ से ज्यादा ऐसे अस्पताल डाक्टरविहीन थे जहां बंधपत्र के तहत अनुबंधित डाक्टरों को पदस्थ किया गया है। स्थायी तौर पर पदस्थापना करने के बाद यहां दिक्कत दूर हो जाएगी। हालांकि, पिछली भर्तियों में अच्छे परिणाम नहीं रहे। जितने पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई उनमें लगभग आधे पदों के लिए ही डाक्टर मिले। आरक्षित पदों को भरने के लिए डाक्टर नहीं मिल पाते।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम