सार्वजनिक मार्गों को क्षतिग्रस्त या बाधित कर न करें दुर्गा प्रतिमा पंडालों की स्थापना,महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त की दुर्गा समितियों से अपील श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और आपातकालीन सेवाओं का रखें ध्या
कटनी। नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं पंडाल निर्माण करते समय सार्वजनिक मार्गों को क्षतिग्रस्त करने तथा आवागमन बाधित करने से बचने की अपील महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगर की समस्त दुर्गा समितियों से की है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के इस पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा,आम नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन तथा यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। पंडालों की स्थापना निर्धारित एवं उपयुक्त स्थलों पर ही की जाए, ताकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे। पंडाल निर्माण के दौरान सड़क, फुटपाथ एवं पेयजल पाइपलाइन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित संरचनाओं को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे और आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर में विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के साथ बजट आवंटन एवं उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखना आवश्यक होता है। सार्वजनिक मार्गों अथवा अन्य नागरिक सुविधाओं को क्षति पहुंचने से उनकी मरम्मत में अतिरिक्त समय, श्रम एवं धन व्यय होता है, जिससे अन्य विकास कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं।
महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने सभी दुर्गा समितियों से जनहित में सहयोग करने तथा धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखते हुए नागरिक सुविधाओं, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।










