कोष्टा/कोष्टी समाज का दीपावली मिलन समारोह एवं परिचय सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न, समाज की एकजुटता, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का दिया संदेश, जनप्रतिनिधियों सहित समाज के गणमान्य नागरिक हुए शामिल
कटनी (YASHBHARAT.COM)। कोष्टा/कोष्टी समाज, जिला कटनी के तत्वावधान में दीपावली मिलन समारोह एवं परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एक-दूसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।
दीपावली का पर्व केवल दीप प्रज्ज्वलित करने तक सीमित नहीं है बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और सामाजिक समरसता का प्रकाश फैलाने का अवसर भी है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में समाज को एक सूत्र में पिरोने तथा आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा उपस्थित रहे। वहीं कटनी के बाहर से पधारे अतिथियों में टीकाराम कोष्टा, सुरेश हीरा एवं जबलपुर से राकेश गढ़ेवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष गंगाराम कोष्टा ने सभी समाजजनों को दीपावली मिलन समारोह एवं परिचय सम्मेलन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की एकजुटता, शिक्षा, संस्कार और युवाओं की प्रगति ही एक सशक्त एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन नई पीढ़ी को बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ ही पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोष्टा समाज के अध्यक्ष गंगाराम कोष्टा, उपाध्यक्ष ज्ञानचंद कोष्टा, सचिव संजय कोष्टा, कोषाध्यक्ष नितेश कोष्टा, सह कोषाध्यक्ष पंकज कोष्टा, पत्रकार जितेंद्र कोष्टा सहित राजेश, सुजीत, दीपक, संदीप, जगदीश, संतोष, अशोक, रिंकू, विजय, सनी, जिम्मी एवं समाज के समस्त सम्माननीय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
समारोह में समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी सहयोग, पारिवारिक संबंधों की मजबूती और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।













