Bhopal Jansunwai News: उद्घाटन से पहले ही अस्पताल से 40 लाख के उपकरण और एसी चोरी, ढाई महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली; कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचीं संचालिका, उठे ये अन्य गंभीर मुद्दे

chori

Bhopal Jansunwai News: उद्घाटन से पहले ही अस्पताल से 40 लाख के उपकरण और एसी चोरी, ढाई महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली; कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचीं संचालिका, उठे ये अन्य गंभीर मुद्दे

भोपाल। राजधानी भोपाल में बेखौफ चोरों ने उद्घाटन से पहले ही एक निजी अस्पताल को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण और एसी पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज सौंपने के ढाई महीने बाद भी छोला मंदिर थाना पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचीं अस्पताल संचालिका ने पुलिस पर जांच में सुस्ती बरतने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। इस जनसुनवाई में कुल 143 आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

अनुमतियों के कारण रुका था उद्घाटन, चोरों ने बोला धावा

करोंद मंडी क्षेत्र के 80 फीट रोड स्थित ‘सरस्वती मल्टी हॉस्पिटल’ की संचालिका डॉ. सोनम देवी ने जनसुनवाई में बताया कि कुछ आवश्यक अनुमतियों के चलते अस्पताल का शुभारंभ रुका हुआ था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने अस्पताल में सेंध लगाई और करीब 40 लाख रुपये की कीमती मेडिकल मशीनें और एसी चुरा ले गए, जिसमें लगभग 10 लाख रुपये का कॉपर भी शामिल है। डॉ. सोनम का आरोप है कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे चोरी गए उपकरणों को खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका बढ़ गई है।

जनसुनवाई में सामने आए अन्य गंभीर मामले कलेक्टर की जनसुनवाई में इसके अलावा भी कई संवेदनशील शिकायतें दर्ज की गईं

  • सरकारी पार्क से अवैध रास्ता और पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप

  •  भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट की जिलाध्यक्ष रश्मि सिंह ने शिकायत की कि हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने सीटीओ बैरागढ़ स्थित सरकारी पार्क की जमीन से अपनी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के लिए अवैध रास्ता निकाल लिया है। रहवासियों की शिकायत पर काम रुकवाने के बाद तिवारी ने साथियों के साथ उनके घर पहुंचकर पिस्टल दिखाकर धमकाया। इस मामले की जांच एसीपी को सौंपी गई है।

  • पीएचक्यू के उप राज्य परीक्षक पर फर्जी रिपोर्ट देने का आरोप

  •  मारवाड़ी रोड निवासी संतोष कुमार जड़िया ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्यालय (PHQ) की क्यूडी शाखा में पदस्थ उप राज्य परीक्षक अमरदीप परिहार ने अपराधी सुनील सिंहल से मिलीभगत कर न्यायालय में फर्जी हस्तलिपि रिपोर्ट पेश की और झूठी गवाही दी। डीजीपी से शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। मामले की जांच अब डीसीपी जोन-3 को सौंपी गई है।