
Divya Pahuja Murder Update: गुरुग्राम में कत्ल, पटियाला में ‘मर्डर’ वाली कार; दो दिन बीत गए दिव्या की बॉडी नहीं मिली । गुरूग्राम के होटल से पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की डेड बॉडी ले जाने के लिए जिस बीएमडब्ल्यू कार का इस्तेमाल किया गया था, उसे पंजाब के पटियाला से बरामद कर लिया गया है. पुलिस को पंजाब के पटियाला बस स्टैंड के पास से यह गाड़ी मिली है. यह कार लॉक थी और पुलिस ने फिलहाल यह कन्फर्म नहीं किया है कि क्या दिव्या का शव इस गाड़ी में था या नहीं. पुलिस ने इससे पहले आशंका जताई थी कि दिव्या का शव पंजाब में किसी नदी में बहा दिया गया है.
दो आरोपियों की पुलिस को तलाश
गुरुग्राम पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (क्राइम) विजय प्रताप सिंह ने कहा, शक है कि बलराज और रवि बांगर दिव्या की डेड बॉडी पंजाब लेकर आए और ये दोनों फरार हैं. इन दोनों की तलाशी की जा रही है. प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्या और हत्या के मुख्य संदिग्ध अभिजीत सिंह के फोन भी बरामद कर लिए गए हैं. हालांकि दिव्या की बहन ने कहा कि उसके पास एक और फोन भी था, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
2 जनवरी को गुरुग्राम सेंटर पॉइंट होटल में कथित तौर पर दिव्या पाहुजा की हत्या हो गई थी, जिसका मालिक अभिजीत है. अभिजीत के अलावा प्रकाश और इंदराज को गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिव्या की मौत के मामले में गिरफ्तार किया है. प्रकाश और इंदराज अभिजीत के ही होटल में काम किया करते थे. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक अभिजीत नीले रंग की बीएमडब्ल्यू कार में दिव्या की बॉडी रखकर फरार हो रहा है.








