कटनी(YASHBHARAT.COM)। बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम अमाड़ी आम रास्ता अवरूद्ध करने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के बैनर तले आज अमाड़ी के ग्रामीणों ने शहर में न केवल प्रदर्शन किया बल्कि एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंप कर आम रास्ता खोले जाने और आम रास्ता अवरूद्ध करने वाले अपराधी के विरूद्ध अपराध कायम करने की मांग की। इस संबंध में लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी पटेल ज्ञापन की प्रति यशभारत.काम को उपलब्ध कराते हुए बताया कि बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम अमाड़ी में मनु नारला पिता विजय राव एवं रमा नारला पति मनु नारला के द्धारा गांव में आम रास्ता अवरूद्ध करते हुए लोहे का गेट लगा दिया गया है। जिससे ग्रामीणों सहित मवेशियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस आम रास्ते के अवरूद्ध होने से ग्राम में संचालित ब्रृहताकार सहकारी समिति अमाड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमाड़ी व आंगनबाड़ी केन्द्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। इसी बात को लेकर आज अमाड़ी के सैकड़ों ग्रामीण शहर आकर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के बैनर तले प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर समस्या के निराकरण की मांग की।

