Delhi: लापता नेता पुत्री का गाजियाबाद में कार से मिला सुसाइड नोट, बेंगलुरु में जिंदा मिली

कार में सुसाइड नोट छोड़कर दिल्ली से लापता हुई इंश्योरेंस कंपनी की मैनेजर कोमल तालान (29) का पता चल गया है। वह बेंगलुरु में मिली है। पुलिस की एक टीम कोमल को वापस लाने के लिए परिजनों के साथ बेंगलुरु गई है। बताया जा रहा है कि कोमल ससुरालवालों से नाराज थी। पति को फंसाने के लिए उसने फर्जी सुसाइड नोट तैयार कर गाड़ी में छोड़ा था। कोमल के पिता अनिल तालान भाकियू में राष्ट्रीय सचिव है, वहीं चाचा विजय तालान भी भाकियू से जुड़े हुए हैं। उनका परिवार ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है।
हिंडन बैराज के पास लावारिस हालत में मिली थी कार
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लापता इंश्योरेंस कंपनी मैनेजर की एसयूवी कार बीते शनिवार सुबह 11 बजे हिंडन नहर रोड पर मिलने से सनसनी फैल गई थी। लावारिस कार में एक सुसाइड नोट भी मिला था। परिजन और पुलिस महिला के हिंडन नहर में कूदने की आशंका जता रहे थे। गोताखोरों द्वारा घंटों तक महिला कोमल तालान की तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।








