katniLatest

मानस पाठ और भंडारे के साथ मनाई स्व आर के शर्मा की पुण्यतिथि, मेधावी छात्र – छात्राओं का सम्मान समारोह भी हुआ

कैमोर। प्रख्यात श्रमिक नेता,पूर्व विधायक एवं कई दशकों तक इंटक यूनियन की बागड़ोर सम्हालने वाले स्व पं आर के शर्मा की 36 वीं पुण्यतिथि पर उद्योग नगरी कैमोर के श्रमिकों ने उनके कल्याणकारी कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

मेधावी छात्र – छात्राओं का सम्मान समारोह भी हुआ

श्रमधाम सेवा संस्थान द्वारा संचालित श्रमधाम महाविद्यालय परिसर एवं इंटक कार्यालय में मानस पाठ के बाद हवन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रमिक नेताओं ने कहा कि स्व आर के शर्मा श्रमिकों के मसीहा थे।

उन्होंने न केवल श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने के लिए कड़ा संघर्ष किया बल्कि श्रमिकों के बच्चों को शिक्षित करने के लिए स्कूलों और महाविद्यालय की भी स्थापना कराई। उनके प्रयासों से ही कैमोर में उच्च शिक्षा के लिए आज से 50 साल पहले श्रमधाम कॉलेज का शुभारंभ हुआ था।

पं आर के शर्मा 1980 में विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक चुने गए। विधायक रहते हुए उन्होंने कैमोर,विजयराघवगढ़ और बरही को नगर पालिका का दर्जा दिलाई जिससे यहां विकास के द्वार खुले।
उनकी पुण्यतिथि पर कल 13 जून को एक श्रद्धांजलि सभा सुबह साढ़े आठ बजे श्रमधाम कॉलेज परिसर में आयोजित की गई जहां श्रमधाम सेवा संस्थान के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित स्टाफ़ ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर मानस पाठ भी हुआ। श्रद्धांजलि का एक अन्य वृहद आयोजन कैमोर सीमेंट मजदूर कांग्रेस तथा ठेकेदारी मजदूर संघ इंटक द्वारा इंटक कार्यालय में किया गया। एसीसी अडानी समूह के एच पी सिंह क्लस्टर हेड एच आर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही की अखंड मानस पाठ, हवन और भंडारे के बाद यहां बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छात्र – छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अडानी समूह के सर्वोच्च चिकित्सा अधिकारी डॉ जुरिक महेश विजयराघवगढ़ के बीएमओ डॉ विनोद कुमार,एसीसी एवं डीएवी के प्राचार्य, समस्त शिक्षक गण, बच्चों के अभिवावक,इंटक के पदाधिकारी व भारी संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति रही। इंटक अध्यक्ष अनिल मौर्या एवं जनरल सेक्रेटरी पंकज पीढियां ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ श्रमिक नेता प्रकाश पांडेय,इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष के के तिवारी,कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी,संजय गुप्ता,आनंद अवस्थी,अमित दुबे,कैनाज वाडिया,मनीष नवैत आदि की भी उपस्थिति रही।

Back to top button