Latest

Covaxin का दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगा Bharat Biotech, प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी

देश में कोरोना वैक्सीन की बढ़ती मांग और उत्पादन में लगनेवाले समय को देखते हुए भारत बायोटेक कर्नाटक के कोलार जिले में कोवैक्सीन टीके का एक और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का फैसला किया है।

कर्नाटक सरकार ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी भी दे दी है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और राज्य कोविड कार्य बल के प्रमुख डॉ. सी एन अश्वत नारायण ने एक बयान में कहा कि कोलार जिले के मलूर औद्योगिक क्षेत्र में जल्द से जल्द भारत बायोटेक के कोवैक्सीन टीके का विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

सरकार ने परियोजना को मंजूरी दे दी है और कंपनी प्रशासनिक जरूरतों को मैनेज कर रही है। निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो गया है। नारायण ने इसके साथ ही ये भी कहा कि राज्य टीका निर्माण से जुड़ी किसी भी कंपनी का स्वागत करता है और उसे पूरा सहयोग देगा।

इससे पहले केंद्र सरकार की ओर से गठित कोविड टास्क फोर्स के प्रमुख और नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा था कि ऐसे सुझाव आ रहे हैं कि वैक्सीन की कमी को देखते हुए कोवैक्सीन के निर्माण की जिम्मेदारी दूसरी कंपनियों को भी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कोवैक्सीन की निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने इस सुझाव को मान लिया है और उसने दूसरी कंपनियों को कोवैक्सीन का उत्पादन करने के लिए आमंत्रित भी किया है।

इस मसले पर बातचीत जारी है। अगर दूसरी कंपनियों ने वैक्सीन का उत्पादन शुरु किया तो देश में संंपूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य, कम लागत में और बहुत जल्द पूरा हो सकता है।

Back to top button