katniमध्यप्रदेश

अतिक्रमण,अवैध निर्माण एवं अनधिकृत बैनर पोस्टर पर निगम प्रशासन की सख्ती जारी,विगत एक सप्ताह में 33 लोगों पर 15 हजार रूपये का वसूला जुर्माना,97 व्यवसायियों को नोटिस जारी, कबाड़ व्यवसायियों पर सीलिंग एवं सामग्री जब्ती की कार्रवाई

अतिक्रमण,अवैध निर्माण एवं अनधिकृत बैनर पोस्टर पर निगम प्रशासन की सख्ती जारी,विगत एक सप्ताह में 33 लोगों पर 15 हजार रूपये का वसूला जुर्माना,97 व्यवसायियों को नोटिस जारी, कबाड़ व्यवसायियों पर सीलिंग एवं सामग्री जब्ती की कार्रवाई

कटनी। नगर पालिक निगम द्वारा नागरिक सुविधा और शहर की सुन्दरता को दृष्टिगत रखते हुए सार्वजनिक स्थलों के अतिक्रमण, अवैध निर्माण, कबाड़ व्यवसाय तथा नियम विरुद्ध प्रचार सामग्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह ने बताया कि इसी क्रम में अतिक्रमण विभाग द्वारा विगत एक सप्ताह में नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले कुल 33 लोगों के विरुद्ध जुर्माना लगाया गया, जिससे 15 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।

 

कार्रवाई के दौरान दो जर्जर भवनों को चिन्हित किया गया। इनमें बी.डी. अग्रवाल वार्ड एवं वार्ड क्रमांक 04 स्थित कृष्णा कोल्ड स्टोरेज के जर्जर भवन शामिल हैं। निगम द्वारा ऐसे भवनों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

 

*कबाड़ व्यवसाय पर भी कार्रवाई*

 

नगर के अल्फर्टगंज क्षेत्र में नियम विरुद्ध कबाड़ व्यवसाय करने वाले दो प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं एक कबाड़ व्यवसायी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा एक अन्य के विरुद्ध सामग्री जब्त कर 3 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया जाकर दोबारा निर्धारित स्थल दुकान की निर्धारित सीमा से ही व्यवसाय करने की हिदायत दी गई। वहीं बरगवां क्षेत्र में भी कबाड़ व्यवसायी की सामग्री जब्त कर व्यवसाय बंद कराया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

 

*अवैध निर्माण के 06 प्रकरण कंपाउंडिंग हेतु प्रस्तुत*

 

निगम की अतिक्रमण टीम अवैध निर्माण के चिन्हित प्रकरणों में से 06 प्रकरण कंपाउंडिंग हेतु प्रस्तुत किए गए हैं। निगम प्रशासन द्वारा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 

*97 व्यवसायियों को नोटिस, वैधानिक कार्रवाई की तैयारी*

 

सार्वजनिक आवागमन बाधित कर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले 97 व्यवसायियों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के माध्यम से संबंधितों को अतिक्रमण हटाने एवं नियमानुसार व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर निगम द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

*पोल सहित 15 बड़े बैनर जब्त*

 

शहर में नियम विरुद्ध लगाए गए प्रचार-प्रसार सामग्री के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पोल सहित 15 बड़े बैनर जब्त किए गए, जबकि 65 छोटे बैनर हटाए गए। निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों पर बिना अनुमति लगाए जाने वाले बैनर-पोस्टर के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

 

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, नियम विरुद्ध निर्माण, अवैध रूप से संचालित कबाड़ गतिविधियों तथा बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए क्षेत्रवार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

Back to top button