Coronavirus updates: भारत में संक्रमितों की संख्या 11 लाख के पार, कई शहरों में लॉकडाउन
मेघालय में रविवार को कोरोना संक्रमण के चलते एक बीएसएफ जवान और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) अधीक्षक की मौत हो गई।
इन दोनों मरीजों का नार्थ ईस्टर्न इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज में इलाज चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि 45 वर्षीय बीएसएफ जवान को तूरा से अस्पताल रेफर किया गया था क्योंकि उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद से ही वह आईसीयू में थे।
वहीं जीएसआई के अधीक्षक अस्पताल एक ऑपरेशन के लिए आए थे और यहीं उन्हें कोरोना हो गया।
ब्राजील में कोरोना के मामले 20 लाख पार
ब्राजील कोरोना महामारी से दुनिया का दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 20 लाख को पार कर गया है। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों से निपटने के लिए ब्राजील के अस्पतालों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। वहीं, मरने वालों की संख्या 70 हजार से अधिक दर्ज की जा चुकी है।
यूपी में फिर टूटा कोरोना का रिकॉर्ड
कोरोना वायरस थमने के बजाय और तेज रफ्तार से लोगों को अपना शिकार बना रहा है। प्रदेश में रविवार को फिर कोरोना का रिकॉर्ड टूट गया। पहली बार एक दिन में सर्वाधिक 2250 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। नए मामलों के साथ प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 50 हजार के करीब पहुंच गई है।
वहीं बीते 24 घंटे में 1181 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जबकि बस्ती के भाजपा नेता समेत 38 लोगों को कोरोना से जान गंवानी पड़ी है। फिलहाल कोरोना के इस समय 18,256 सक्रिय मामले हैं।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत बिरगांव इलाके में लॉकडाउन
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत बिरगांव इलाके में 22 से 28 जुलाई तक सख्त लॉकडाउन की घोषणा की गई है। वहीं केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी 28 जुलाई की आधी रात तक सख्त लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। तिरुवनंतपुरम के जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरपर्सन और जिला कलेक्टर ने रविवार को यह घोषणा की।
Coronavirus: भारत में संक्रमितों की संख्या 11 लाख के पार, कई शहरों में लॉकडाउन
भारत में संक्रमितों की संख्या 11 लाख के पार हो गई है और मृतकों की संख्या 27 हजार से अधिक हो गई है। वहीं संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई शहरों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
कर्नाटक के कलबुर्गी में बढ़ा लॉकडाउन
कर्नाटक के कलबुर्गी में 27 जुलाई की रात तक के लिए लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया गया हैः-बी शरत, कलबुर्गी के उपायुक्त