Corona vaccination in MP : कोरोना टीकाकरण के मामले में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर
Corona vaccination in MP:। इस वक्त देशभर में कोरोना टीकाकरण महाअभियान चल रहा है और स्वास्थ्यकर्मियों के बाद अब दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जा रहा है। अब तक टीकाकरण के मामले में मध्य प्रदेश देश में पहले नंबर पर है। प्रदेश में कुल पंजीकृत हितग्राहियों में अब तक 68 फीसद को टीका लगाया जा चुका है, जो देश में सर्वाधिक है। प्रदेश में अब तक 5 लाख 99 हजार स्वाथ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को टीके का पहला डोज लगाया गया है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने टि्वटर के जरिए दी है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन 18 व 19 फरवरी को फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 20 फरवरी को मॉपअप राउंड होगा।
भोपाल में बुधवार को 1348 कर्मचारियों को लगा टीका
भोपाल में बुधवार को अंग्रिम पंक्ति के 1348 कर्मचारियों को टीका लगाया गया। हालांकि, 57 केंद्रों में 10,329 कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए बुलाया गया था। इस तरह बुधवार को टीकाकरण महज 13 फीसद रहा। इसी तरह से प्रदेश में 86,055 कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए बुलाया गया था। इसमें 20,927 यानी 24 फीसद टीका लगवाने के लिए पहुंचे।
1202 सैंपल की जांच में 48 मरीज मिले
भोपाल में बुधवार को कोरोना के 1202 सैंपल की जांच की गई। इनमें 48 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके पहले मंगलवार को 79 मरीज मिले थे। कोरोना के मरीज कम होने पर लोगों ने शारीरिक दूरी रखना और मास्क लगाना कम कर दिया, इस वजह से मरीजों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। तीन दिन पहले मरीजों की संख्या घटकर 28 पर आ गई थी, जो अब धीरे-धीरे फिर से बढ़ने लगी है। गांधी मेडिकल कॉलेज के छाती व श्वास रोग विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ पराग शर्मा ने कहा कि लापरवाही भारी पड़ सकती है। वायरस अपना स्वरूप बदलते रहते हैं। जिन्हें संक्रमण हो चुका है, उनके दोबारा संक्रमित होने का भी खतरा रहता है।








