FEATUREDLatest

Corona: देश मे संक्रमित का आंकड़ा 3 सौ पार, कल जनता कर्फ़्यू के साथ दो-दो हाथ

नई दिल्ली. कोरोनावायरस का संक्रमण देश में गंभीर होता जा रहा है। देश में शनिवार को ही 44 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 13 नए संक्रमित महाराष्ट्र में मिले हैं। अब राज्य में 65 और देशभर में 301 संक्रमित हैं।

इस बीच कल पीएम मोदी के आव्हान पर कल जनता कर्फ्यू के साथ कोरोना पर जन जागरूकता तथा इस संक्रमण से बचाव कर दो दो हाथ करने के लिए पूरा देश एकजुट दिख रहा है।

हालांकि, इनमें 269 अस्पताल में भर्ती हैं, 23 ठीक हो चुके हैं और चार की मौत हुई है। मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चार मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद जबलपुर और सिवनी को दो दिन और नरसिंहपुर को 14 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है।

इस बीच, बेंगलुरु से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में मेंडेटरी क्वारैंटाइन स्टैंप वाले दो यात्री सफर करते मिले। उन्हें तुरंत ट्रेन से उतारकर पूरे कोच को सैनिटाइज किया गया।

देश में 111 लैब काम कर रही: स्वास्थ्य मंत्रालय

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के संयुक्‍त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि शनिवार से देश के अलग-अलग हिस्सों में 111 लैब काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत के क्वारैंटाइन सेंटर में 1600 भारतीय और अन्य देशों के नागरिक आइसोलेशन में भर्ती किए गए हैं। आज इटली के 262 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। इसमें ज्यादतर छात्र हैं।

कोरोना अपडेट्स…

  • हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा- राज्य में कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे थे।
  • मानव संसाधन विकास मत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के शिक्षक और अन्य स्टाफ 31 मार्च तक घर से काम करेंगे।
  • दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसके नाम से जारी सूचना फेक है। इसमें कहा गया है कि जनता कर्फ्यू के समय बाहर निकलने पर 11 हजार रु. जुर्माना लगेगा।
  • एयर इंडिया का 787 ड्रीमलाइनर विमान इटली के रोम में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए रोम जाएगा। यह विमान कल सुबह दिल्ली लौटेगा।
  • 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के समर्थन में गो एयर ने अपनी सभी फ्लाइट कैंसिल की। इंडिगो ने अपनी उड़ानें घटाने की घोषणा की।
  • पश्चिम रेलवे ने आज छह ट्रेन (14309, 14310, 22413, 22414, 29019 और 29020) रद्द की गईं।
  • एम्स ने अपने ज्यादातर कर्मचारियों को कोरोनावायरस नियंत्रण में लगाया। शनिवार से यहां सिर्फ इमरजेंसी सर्जरी की जाएंगी।
  • 18 मार्च को संसद की स्थायी समिति की बैठक में सांसद दुष्यंत सिंह के साथ रहे एविएशन मिनिस्ट्री के अधिकारी सेल्फ क्वारैंटाइन हुए।
  • लद्दाख में तीन और संक्रमित मिले। इनमें से दो लेह और एक करगिल में पॉजिटिव पाया गया है। सभी की हालत स्थिर है। इस केंद्र शासित प्रदेश में अब कुल संक्रमित 13 हो गए हैं।

Back to top button