katniमध्यप्रदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम: नवप्रवेशित छात्राओं का आत्मीय स्वागत, नई शिक्षा नीति और करियर मार्गदर्शन की दी जानकारी

शासकीय कन्या महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम: नवप्रवेशित छात्राओं का आत्मीय स्वागत, नई शिक्षा नीति और करियर मार्गदर्शन की दी जानकार

कटनी। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को विविध शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएं, प्राध्यापक एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न विभागों, उपलब्ध सुविधाओं तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम संयोजक श्री के.जे. सिन्हा, सह-संयोजक डॉ. अर्पित द्विवेदी सहित समस्त प्राध्यापकों ने छात्राओं का अभिनंदन किया।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने संबोधन में छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, व्यक्तित्व विकास एवं कैरियर निर्माण के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की गतिविधियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही प्रथम दिवस पर पूर्ण गणवेश में उपस्थित छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर आयोजित सत्र में डॉ. सुनील कुमार ने नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों, बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा की विशेषताओं की जानकारी दी। वहीं डॉ. आर.के. गुप्ता एवं डॉ. वीणा सिंह ने छात्रवृत्ति योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराते हुए छात्राओं को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. विमला मिंज ने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ महाविद्यालयीन जीवन की नई चुनौतियों का सामना करने का संदेश दिया। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. रोशनी पाण्डेय ने भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से इसे अपने अध्ययन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की जानकारी देते हुए डॉ. रीना मिश्रा ने छात्राओं से सामाजिक सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं सामुदायिक विकास की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोशनी पाण्डेय ने किया। तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का यह आयोजन नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button