CM शिवराज ने कटनी में कहा-न कमजोर न ही मजबूर मैं तो मजबूत मुख्यमंत्री

कटनी। केवल विपक्ष ही नहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने राजनीतिक विरोधियों को भी आज कटनी की सभा मे जवाब दिया। सीएम ने साफ कहा कि वह न तो मजबूर मुख्यमंत्री हैंं न ही कमजोर वह मजबूत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान है।
जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऐतिहासिक स्वागत हुआ। बरही विजयराघवगढ़ तथा बड़वारा में जोरदार स्वागत से उत्साहित सीएम शिवराज ने कटनी में भी विलम्ब के बावजूद लोगों को निराश नहीं किया। करीब 10 बजे कटनी शहर पहुंचे मुख्यमंत्री का सुर्खी टैंक के पास सैकड़ों की तादात में उपस्थित लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोश स्वागत किया। यहां से मुख्य्मंत्री रथ नुमा बस में लोगों का अभिवादन स्वीकार करते चलते रहे। रात 12 बजे गोलबाजर में जनसभा में अपनी चिरपरिचित शैली में मुख्यमंत्री ने कभी भावनात्मक बातें की तो कभी कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।

गोलबाजार रामलीला मैदान की सभा रात करीब पौने 1 बजे तक चली। मुख्यमंत्री की जिले में इस जोरदार आगवानी से भाजपाई काफी उत्साहित नजर आए।

कटनी शहर में सीएम शिवराज के स्वागत के लिए भाजपा ने काफी तैयारियां कीं थीं कहा जा सकता है कि उसकी तैयारियां सार्थक हुईं। गोलबाजार रामलीला मैदान में विधायक संदीप जायसवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कटनी विधानसभा की एक स्मारिका का विमोचन भी किया। इस स्मारिका में विधानसभा में हुए करीब एक हजार करोड़ रुपये के कार्यों का सचित्र विवरण है।

जब सीएम ने पूछा-अगली बार वह भाजपा की सरकार बनाओगे ?
विधायक ने कहा कि कटनी के लिए मुख्यमंत्री से जब जो भी मांग की गई वो पूर्ण हुई। कुछ मांगों का एक मांगपत्र उन्होंने सीएम शिवराज को सौंपा जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया, लेकिन यह भी कहा कि अब चुंनाव को 2 माह शेष हैं ऐसे में यह काम अगले कार्यकाल में जरूर पूरे होंगे। साथ ही इसी बहाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां मौजूद लोगों से यह भी पूछ लिया कि अगली बार वह भाजपा की सरकार बनाएंगे? इस पर लोगों ने हाथ उठाकर जोश के साथ सहमति जताई।
में न कमजोर हूँ न ही मजबूर मैं तो मजबूत मुख्यमंत्री हूँ- शिवराज
मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखते हुए विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि की कटनी की अधिकांश मांग पूर्ण हुईं लेकिन कुछ जरूरी मांग मजबूरी है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, शिवराज न तो कमजोर मुख्यमंत्री है न ही मजबूर मुख्यमंत्री, शिवराज तो मजबूत मुख्यमंत्री है। कमजोर तो कांग्रेस के मुख्यमंत्री हुआ करते थे।

कांग्रेस पर हमलावर तेवर
शिवराज ने कटनी की सभा मे अमूमन वही बातें दोहराई जो उन्होंने इससे पहले बरही विजयराघवगढ़ तथा बड़वारा में कहीं थीं । बावजूद उन्होंने कटनी की सभा में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 वर्ष तक शासन करने वाली कांग्रेस मुझसे 15 बरस का हिसाब पूछ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 50 वर्षों में काँग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज बिजली पानी सड़क में मध्यप्रदेश में जो काम हुए वो जनता के सामने हैं।

कांग्रेस की विदेश की चीज भाती हैं मुझे देश अच्छा लगता है
उन्होंने अमेरिका से अच्छी मध्यप्रदेश की सड़क की अपनी टिप्पणी को एक बार फिर से दोहराया ओर इसी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते कहा कि कांग्रेस को तो अभी ब्रिटेन की गुलामी वाली सड़कें पसन्द हैं। उन्हें हमारे देश की चीजें अच्छी कैसे लगेंगी। मुख्यमंत्री ने सम्बल योजना के बारे में भी विस्तार से समझाया।
महापौर से पूछा गरीबों के लिए कितने आवास बन रहे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले 2 -3 साल में हर गरीब का मकान होगा। इसमे केंद्र की मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार और प्रदेश की सरकार मिल कर काम कर रहीं हैं। उन्होंने भाषण के दौरान ही महापौर शशांक श्रीवास्तव से पूछा कि मेयर साहब कटनी में कितने मकान बन रहे हैं ? महापौर श्री श्रीवास्तव ने बताया कि कटनी में करीब 43 सौ आवास बन रहे हैं इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी 43 सौ मकान बन रहे हैं अगली बार संख्या दो गुनी हो जाएगी।
यात्रा प्रभारी महापौर ने जताया आभार
सभा के अंत में जन आशीर्वाद यात्रा के कटनी विधानसभा प्रभारी महापौर शशांक श्रीवास्तव ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश ने चहुंमुखी विकास किया है। हम सभी का संकल्प है कि चौथी बार शिवराज जी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी और प्रदेश सम्रद्ध प्रदेश बनेगा।
सभा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राज्यमन्त्री संजय सत्येन्द्र पाठक, प्रदेश महामंत्री विनोद गोंटिया, जन आशीर्वाद यात्रा प्रभारी प्रभात साहू, महापौर शशांक श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, पूर्व विधायक अलका जैन, राजू पोद्दार, सुकीर्ति जैन, निशिथ पटैल महामंत्री उदयराज सिंह, हरिशंकर गर्ग, अजीत महोबिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचन्द्र तिवारी, चमनलाल आनंद, पुर्व महापौर आशा कोहली, रुक्मणी बर्मन सहित जिला पदाधिकारी नगर पदाधिकारी भाजपा के वरिष्ठ नेता आदि उपस्थित थे। मंच संचालन नगर अध्यक्ष रामरतन पायल ने किया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी साधना सिंह भी साथ थीं । रात्रि विश्राम सीएम ने सर्किट हाउस में किया। सुबह वह गन्तव्य के लिए रवाना हो गए।







