कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर में मसीही समाज द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 2 नवंबर का दिन परंपरागत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मरण दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर बरगवां के द्वारका सिटी क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में समाज के लोगों ने अपने पूर्वजों एवं दिवंगत परिजनों को याद करते हुए उनकी कब्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी।
स्मरण दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग कब्रिस्तान पहुंचे। उन्होंने अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों की साफ-सफाई एवं सजावट की और मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने अपने पूर्वजों के साथ बिताए पलों को याद किया और उनके जीवन, संस्कारों एवं समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया। पूरा वातावरण श्रद्धा, आस्था और भावुकता से सराबोर नजर आया।
मसीही समाज का स्मरण दिवस अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपने पूर्वजों की स्मृतियों एवं पारिवारिक परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
नोट:- फाइल फोटो














