Chhattarpur Big Breaking: छतरपुर SP ने TI सहित 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, जानिए पूरा मामला

छतरपुर SP ने TI सहित 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित। कस्टडी में कैदी की मौत के मामले में एसपी अमित सांघी ने टीआई सहित चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया है। साथ ही पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के आदेश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे मामले की न्यायिक (मजिस्ट्रेट) जांच होगी। वहीं, तत्कालीन एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल पर मामले में कार्रवाई हो सकती है। बता दें कि बमीठा थाना क्षेत्र के लूट के आरोपी बमारी निवासी की ग्वालियर में जेल कस्टडी में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
यह है मामला…
बता दें कि पिछले दिनों बमीठा थाना पुलिस ने लूट सहित तीन मामलों का खुलासा करते हुए थाना क्षेत्र के बमारी गांव के रहने वाले 20 वर्षीय राजबहादुर सिंह को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए युवक को 5 अगस्त को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। 7 अगस्त को जेल में इस युवक की तबीयत खराब हुई जिसके कारण उसे जिला अस्पताल और फिर ग्वालियर रेफर करना पड़ा। 10 अगस्त को ग्वालियर में इस युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने 11 अगस्त को शव लेने से इनकार कर बमारी तिराहे पर जाम लगा दिया था।
पुलिस पर झूठा मुकदमा करने का आरोप
मृतक राजबहादुर के भाई लकी सिंह ने मीडिया को दिए गए बयानों में आरोप लगाया था कि बमीठा थाना पुलिस द्वारा 25 जुलाई को उनके भाई राजबहादुर को घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस उसे कई दिनों तक पीटती रही। उसे छोड़ने के लिए 2 लाख रुपए मांगे गए। जब रुपए नहीं दिए गए तो राजबहादुर के ऊपर लूट के फर्जी मुकदमे लाद दिए। जिस व्यक्ति की शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया वह व्यक्ति खुद बयान जारी कर कह चुका है कि लूट की घटना में राजबहादुर नहीं था।
इसके बाद भी पुलिस ने राजबहादुर को गैर कानूनी तरीके से हिरासत में रखकर बुरी तरह पीटा और फिर जेल भेज दिया। पुलिस की मारपीट के कारण राजबहादुर की हालत खराब हो गई और इसी कारण उसकी जान गई है।








