छतरपुर रोड एक्सीडेंट: ट्रक-कार की सीधी टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 2 गंभीर

छतरपुर/गुलगंज। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलगंज के पास ट्रक और सेंट्रो कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से पिचक गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बड़ी मुश्किल से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
मिली जानकारी के अनुसार, सतना जिले का प्रजापति परिवार सेंट्रो कार (एमपी 19 सीए 0856) से अपनी बहन को लेने शाहगढ़ जा रहा था। कार में कुल 7 लोग सवार थे। गुलगंज के पास ट्रक से भिड़ंत होने पर पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दो युवा—भूपेंद्र प्रजापति और जितेंद्र प्रजापति (उम्र 26–27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर चोटों के कारण दोनों बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सागर आईजी हिमानी खन्ना और गुलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर से कार के गेट तोड़कर शवों को निकाला गया।








