CG Election 2018: नक्सलियों को ठेंगा, बस्तर में मतदाताओं की 1 किमी लंबी कतार
जगदलपुर । बस्तर संभाग की बस्तर विधानसभा सीट पर भी सोमवार को मतदान हो रहा है। यहां सुबह 5 बजे से मतदाता पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए जुटने लगे। सर्वाधित नक्सल प्रभावित इलाके की इस विधानसभा सीट पर लोगों ने मतदान के लिए जो उत्साह दिखाया है, वह नक्सलियों के नापाक मंसूबे का मुंहतोड़ जवाब है।
यहां नक्सली धमकी को दरकिनार कर लोग मतदान के लिए घरों से निकले हैं। आलम यह है कि यहां के एक पोलिंग बूथ में दोपहर करीब 1 बजे मतदाताओं की तकरीबन 1 किलोमीटर लंबी कतार नजर आई। लोग पूरे उत्साह के साथ वोटर आईडी हाथों में थामे लाइन में लगे नजर आए। यहां दोपहर 1 बजे तक करीब 40 फीसद मतदान हो चुका है।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी बस्तर ने सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड कायम करते हुए टॉप 5 में अपनी जगह बनाई थी। यहां पिछले चुनाव में कुल 197 पोलिंग बूथ में से 24 में करीब 90 फीसद मतदान हुआ था, जबकि 3 बुथ ऐसे थे, जहां 93 फीसद मतदान हुआ था। इसके अलावा 135 बूथों में 80 से 90 फीसद के बीच मतदान हुआ था। इस बार भी यहां 80 फीसद से अधिक मतदान की उम्मीद जताई जा रही है।

