बिहार में थमा दूसरे चरण के चुनाव का प्रचार, अब 11 को मतदान और 14 को होगी मतगणना

पटना(YASHBHARAT.COM)। बिहार में विधानसभा दूसरे चरण के चुनाव के लिए चल रहा प्रचार अभियान का शोर आज रविवार की शाम 5 बजे थम गया। राज्य की 121 सीटों पर पहले चरण में 6 नवंबर को बंपर वोटिंग हो चुकी है। अब दूसरे और अंतिम चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर होने वाले मतदान से सत्ता का समीकरण सामने आया। दूसरे चरण का प्रचार अभियान रविवार शाम 5 बजे थम गया। इसके बाद इन जिलों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या रोड शो पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। दूसरे चरण में जिन 20 जिलों में मतदान होगा उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं।
पहले चरण में रिकार्ड मतदान
पहले चरण के चुनाव में आजादी के बाद सर्वाधिक 65 प्रतिशत से अधिक वोटिंग को देखते हुए दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान होने की उम्मीद है। पहले चरण में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया। कुल मतदान प्रतिशत 64.66 फीसदी रहा। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.04 जबकि पुरुषों का 61.56 फीसद रहा। मीनापुर सीट पर सबसे ज्यादा 77.54 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरे चरण में कई मंत्री मैदान में
दूसरे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं। जिनमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।
दूसरे चरण में एनडीए के किस पार्टी से कितने उम्मीदवार
दूसरे चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। जनता दल (यूनाइटेड) के 44, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 15, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के चार और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के छह उम्मीदवार भी दूसरे चरण में चुनावी मैदान में हैं।
महागठबंधन से किस पार्टी के कितने उम्मीदवार
दूसरे चरण में महागठबंधन में राजद 72 सीटों, कांग्रेस 37 सीटों, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) 10 सीटों और अन्य सहयोगी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।
महागठबंधन के स्टार प्रचारक
महागठबंधन की ओर से प्रचार की कमान राजद नेता व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने संभाली थी।
दूसरे चरण में महागठबंधन के बड़े प्रत्याशी
दूसरे चरण में महागठबंधन की ओर से राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, तथा भाकपा (माले) विधायक दल के नेता महबूब आलम उम्मीदवार हैं।
बिहार विधासभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण पर एक नजर
विधानसभा सीटों की संख्या: 122
सामान्य सीटें – 101
अनुसूचित जाति सीटें – 19
अनुसूचित जनजाति सीटें – 2
मतदाताओं की संख्या: 3,70,13,556
पुरुष मतदाता: 1,95,44,041
महिला मतदाता: 1,74,68,572
नए मतदाता: 5,28,954
मतदान केंद्रों की कुल संख्या: 45,399
उम्मीदवारों की कुल संख्या: 1302
पुरुष उम्मीदवार: 1165
महिला उम्मीदवार: 136
दूसरे चरण में एनडीए के स्टार प्रचारक रहे पीएम मोदी, योगी, शाह और नड्डा
राजग के स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा के बिहार के चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी शामिल हैं।








