Latest

देवर ने रेती गर्दन, पति ने पकड़े पैर; मासूम भतीजे को भी उतारा मौत के घाट, कत्ल की खौफनाक इनसाइड स्टोरी आई सामने

मुरादाबाद डबल मर्डर: मां-बेटे की क्रूरता से हत्या का सनसनीखेज खुलासा; पति और देवर ही निकले कातिल, जमीन विवाद और शक में रची खौफनाक साजिश

देवर ने रेती गर्दन, पति ने पकड़े पैर; मासूम भतीजे को भी उतारा मौत के घाट, कत्ल की खौफनाक इनसाइड स्टोरी आई सामने

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मौढ़ा तैय्या गांव में हुए मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और खौफनाक खुलासा किया है। गन्ने के खेत में मिले सीमा (35) और उसके 10 वर्षीय बेटे अंकुश के शवों की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पति जसराम और देवर जयराम को गिरफ्तार कर लिया है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात को दोनों भाइयों ने मिलकर बेहद क्रूरता के साथ अंजाम दिया था।

कत्ल की इनसाइड स्टोरी: देवर ने रेती गर्दन, पति ने पकड़े पैर

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, जसराम अपनी पत्नी सीमा के व्यवहार और आए दिन होने वाली मारपीट से परेशान था। इसके साथ ही वह सीमा के चरित्र पर शक करता था। सोमवार की रात दोनों के बीच भारी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत सीमा ने पुलिस चौकी में भी की थी, लेकिन बाद में समझौता कर वे घर लौट आए थे।

घर लौटने के बाद पति जसराम और उसके भाई जयराम ने सीमा को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

  • सौदा: जसराम ने अपना मकान छोटे भाई जयराम को बेचा था, जिसके ₹2.40 लाख बाकी थे। सीमा इन रुपयों को लेकर अक्सर विवाद करती थी। जसराम ने अपने भाई जयराम से वादा किया कि यदि वह सीमा की हत्या कर देगा, तो वह मकान के बाकी बचे पैसे नहीं लेगा। जयराम भी रुपयों के लालच में इस साजिश में शामिल हो गया।

  • बहाने से ले गया खेत: मंगलवार शाम करीब 6 बजे जयराम, सीमा और उसके बेटे अंकुश को रुपये देने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गया। रास्ते में उसने एक पेट्रोल पंप पर अंकुश को उतार दिया और सीमा को लेकर गन्ने के खेत में चला गया, जहां जसराम पहले से घात लगाए बैठा था।

  • क्रूरता की हदें पार: खेत में दोनों भाइयों ने सीमा पर हमला कर दिया। पति जसराम ने अपनी ही पत्नी के पैर पकड़ लिए और देवर जयराम ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मासूम भतीजे को इसलिए मारना पड़ा

सीमा की हत्या करने के बाद जयराम दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और बोतल में पेट्रोल लेकर अंकुश को बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में मासूम अंकुश बार-बार अपनी मां के बारे में पूछने लगा और रोने लगा। पकड़े जाने के डर से जयराम अंकुश को उसी खेत में ले आया जहां सीमा की लाश पड़ी थी।

अपनी मां का शव देखकर जब 10 साल का मासूम चीखने लगा, तो जयराम ने सबूत मिटाने और राज खुलने के डर से अपने ही सगे भतीजे अंकुश का गला दबाकर बेरहमी से मर्डर कर दिया।

पहचान मिटाने के लिए चेहरों को पेट्रोल डालकर जलाया

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद दोनों भाइयों ने पहचान छुपाने के लिए सीमा के चेहरे पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। इसके बाद वे मासूम अंकुश के शव को करीब 500 मीटर दूर प्रदीप नाम के व्यक्ति के खेत में ले गए और वहां भी उसके चेहरे को जलाने की कोशिश की, ताकि शिनाख्त न हो सके। हालांकि, अंकुश का चेहरा पूरी तरह नहीं जल पाया, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने में मदद मिली।

15 साल पहले हुई थी शादी, जमीन को लेकर भी था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि गोरखपुर की रहने वाली सीमा की शादी 15 साल पहले ट्रक चालक जसराम से हुई थी। जसराम के हिस्से की दो बीघा जमीन में से सीमा ने एक बीघा जमीन दो साल पहले बेच दी थी, जिसे लेकर दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि सीमा अपने बेटे के साथ पिछले दो साल से किराए के मकान में अलग रह रही थी। वह बाकी बची एक बीघा जमीन भी बेचना चाहती थी, जिससे जसराम बेहद नाराज था।

आरोपी जेल भेजे गए: पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी देवर जयराम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, वहीं शुक्रवार की देर रात पुलिस ने सह-आरोपी पति जसराम को भी धर दबोचा। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

Back to top button