Breaking: बगदाद में अमेरिकी एयरबेस पर रॉकेट अटैक
बगदाद इराक के उत्तरी बगदाद में मौजूद एयरबेस पर रविवार रात चार रॉकेट दागे जाने की खबर है। यह एयरबेस अमेरिकी सैनिकों का ठिकाना है। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इसमें चार इराकी एयरमैन घायल हो गए हैं।
वॉशिंगटन और तेहरान के बीच उपजे तनाव को देखते हुए बगदाद के अल-बलाड एयरबेस से पहले ही बड़ी संख्या में अमेरिकी वायु सैनिक वहां से जा चुके हैं। आज के हमले को भी ईरान से जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि चार दिन पहले ही 8 जनवरी को ईरान ने अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइलें दागी थीं।
ईरान ने कमांडर कासिम सुलेमानी के अमेरिकी एयर स्ट्राइक में मौत के बाद बदला लेते हुए मिसाइलें दागी थीं। ईरान ने इसमें कई अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया था लेकिन वॉशिंगटन ने इस दावे को खारिज कर दिया था।
हालांकि, ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने यह स्वीकारा था कि 8 जनवरी को किया गया हमला अमेरिकी सैनिकों को टारगेट करने के लिए नहीं था, उनका मकसद सिर्फ अमेरिकी सैन्य संस्थान को निशाना बनाना था।








