कटनी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ 2 नवंबर को जबलपुर में विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस पदयात्रा में कटनी जिले से भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कटनी जिले से सांसदद्वय विष्णुदत्त शर्मा एवं हिमाद्रि सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ‘टंडन’, जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडेय, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह एवं महापौर प्रीति सूरी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जबलपुर पहुंचेंगे।
जबलपुर में आयोजित इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा दोपहर 3 बजे जबलपुर के शहीद स्मारक, गोल बाजार से प्रारंभ होगी। यहां से मालवीय चौक, लॉर्डगंज, बड़ा फुहारा, तुलाराम चौक एवं करमचंद चौक होते हुए पुनः शहीद स्मारक गोल बाजार पहुंचेगी।
भाजपा द्वारा आयोजित इस पदयात्रा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों, खेल संगठनों के प्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं शहर के गणमान्य नागरिकों सहित करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है। कटनी जिले से भी अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।











