Thursday, May 21, 2026
Latest:
FEATURED

BJP Vs Congress: कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है, वह भ्रम में नहीं आने वाली, शिवराज ने वचन को बताया महाझूठ पत्र

BJP Vs Congress: कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है, वह भ्रम में नहीं आने वाली, शिवराज ने बताया महाझूठ पत्र। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने अपना वचन पत्र जारी किया। इसमें प्रदेशवासियों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख दुर्घटना बीमा समेत अनेक वादे किए गए हैं।

इसमें 1290 वचन हैं। कांग्रेस के वचन पत्र को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।  इस बारे में पूछे जाने पर शिवराज ने कहा कि यह कांग्रेस का महाझूठ पत्र है। पांच साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे, जिसमें से नौ वचन भी पूरे नहीं किए। आज तक लोग तरस रहे हैं।

भाजपा जो नहीं कहती, उसे भी पूरा करती है

शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के इस झूठ पर जनता भरोसा नहीं करने वाली क्योंकि जनता जानती है कि भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है और जो नहीं कहती, उसे भी पूरा करती है। लाड़ली बहना योजना दृष्टि पत्र में नहीं थी, लेकिन हमने लागू की। लेकिन कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है, वह भ्रम में नहीं आने वाली।

यही कांग्रेस का असली चेहरा

शिवराज ने कमल नाथ के एक वायरल वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें वह शिवपुरी से केपी सिंह को कांग्रेस की ओर प्रत्याशी बनाए जाने पर असहमति जता रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसा दिग्विजय सिंह व जयवर्धन सिंह की वजह से हुआ। शिवराज ने वायरल वीडियो को लेकर कहा कि ये कांग्रेस का असली चेहरा है। एक पूर्व मुख्यमंत्री दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री के लिए कह रहा है “जाओ उनके कपड़े फाड़ो, उनके बेटे के कपड़े फाड़ो।” ये कांग्रेस का असली स्वरूप है और कांग्रेस कितनी है मुझे ये भी नही समझ आता। कांग्रेस के टिकट कहां तय हो रहे हैं..? अभी ये भी कहा गया कि छिंदवाड़ा के टिकट नकुल नाथ घोषित करेंगे और नकुल नाथ के घोषित करने के बाद फिर दिल्ली से घोषित होंगे। दो टिकट उन्होंने घोषित भी कर दिए।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम