BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पहल पर हाइवे के 161 पेट्रोल पंप पर मिलेगा श्रमिकों को भोजन-पानी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पहल रंग लाई, हाइवे के 161 पेट्रोलपंप पर मिलेगा श्रमिकों को भोजन-पानी
कटनी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद एवं कोरोना रोकथाम के लिए बनी टास्क फोर्स के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की पहल रंग लाई है। अब हाईवे से निकलने वाले मजदूरों श्रमिकों के लिए पेट्रोल पंपों पर भोजन पानी की व्यवस्था होगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा ने पेट्रोलियम मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान एवं विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारियों से संपर्क कर तेल कंपनियों के 161 पेट्रोल पम्प्स पर इन कंपनियों द्वारा हाईवे से निकल रहे प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन,पानी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था एवं समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने इस संकट की घड़ी में मानवीय आधार पर मजदूरों की सहायता करने के लिये केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान एवं मप्र के आयल इंडस्ट्री के समन्वयक श्री सतीश कुमार का आभार जताया है।

