Bigg Boss OTT में हुई शमिता शेट्टी की एंट्री, बताया तमाम उतार- चढ़ाव के बीच क्यों बनीं शो का हिस्सा

नई दिल्ली। छोटे पर्दे का सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस का आगाज हो चुका है। लेकिन इस बार ट्विस्ट ये है कि शो की शुरुआत टीवी से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हुई है। इस बार शो को टीवी पर प्रसारित करने से छह हफ्ते पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म Voot Select पर प्रसारित किया जा रहा है। ओटीटी पर शो को मशहूर निर्माता- निर्देशक करण जौहर होस्ट कर रहे हैं। शो के कंटेस्टेंट्स का भी खुलासा पहले ही हो गया था। लेकिन कई दिनों से शो में अभिनेत्री शमिता शेट्टी के भी शो का हिस्सा बनने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी। लेकिन अब शो के आगाज के साथ ही इस खबर पर भी मुहर लग चुकी हैं क्योंकि शमिता शेट्टी ने शो में एंट्री कर ली है।
दरअसल शमिता शेट्टी के परिवार पर बीते कुछ दिनों से मुसीबतों का डेरा डला हुआ है। जिसके चलते कयास लगाए जा रहे थे कि ऐसे मुश्किल हालातों में शमिता शेट्टी इस शो का हिस्सा नहीं बनेंगी। उनके जीजा और शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा अश्लील वीडियो मामल में लिप्त पाए गए जिसके चलते करीब 20 दिनों से वो जेल में बंद हैं। हालांकि इस बीच शमिता ने अब बिग बॉस के घर में एंट्री कर ली है। एंट्री के साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वो शो का हिस्सा क्यों बनी हैं।
शो में एंट्री होते ही शमिता शेट्टी ने होस्ट करण जौहर के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वो ऐसे मुश्किल हालातों में शो का हिस्सा क्यों बनी हैं। शमिता शेट्टी ने राज कुंद्रा या शिल्पा शेट्टी मेंसे किसी का भी नाम नहीं लिया और कहा कि उन्होंने शो के लिए बहुत पहले ही कमिटमेंट कर दिया था जब उनकी निजी जिंदगी में उतार चढ़ाव आया भी नहीं था। और उन्हें कमिटमेंट करने के बाद आखिरी मिनट में शो से बैकआउट करना ठीक नहीं लगा। उन्होंने ये भी कहा कि हम सभी कभी ना कभी जीवन में उतार- चढ़ाव से गुजरते हैं लेकिन इसकी वजह से काम सफर नहीं करना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि, ‘एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दी फिर मैं अपने आप की भी नहीं सुनती।’ बता दें कि शमिता शेट्टी इससे पहले बिग बॉस के सीजन 3 का हिस्सा रह चुकी हैं। लेकिन उन्हें ये शो कुछ दिनों में छोड़कर जाना पड़ा था क्योंकि उन्हें अपनी बहन शिल्पा शेट्टी की शादी में शरीक होना था।