Latestमध्यप्रदेश

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर बड़ा अपग्रेड: ट्रेनों की देरी खत्म करने के लिए बनेंगी नई लाइनें

भोपाल। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर बड़ा अपग्रेड: ट्रेनों की देरी खत्म करने के लिए बनेंगी नई लाइनें। राजधानी के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी कम करने और संचालन को सुगम बनाने के लिए रेलवे ने बड़ा प्लान तैयार किया है। इसके तहत स्टेशन के यार्ड में व्यापक बदलाव किए जाएंगे और नई लूप लाइनें बिछाई जाएंगी।

भोपाल में कथित मामलों को लेकर रिपोर्ट, पैटर्न जैसे आरोपों पर चर्चा; क्या यही है ‘भोपाल फाइल्स’?

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यार्ड में मौजूद पुरानी सिविल संरचनाओं को हटाकर अप और डाउन लाइन पर अतिरिक्त ट्रैक तैयार किए जाएंगे। इन लूप लाइनों के जरिए ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका जा सकेगा या उन्हें आसानी से पास कराया जा सकेगा, जिससे क्रॉस मूवमेंट के कारण होने वाली देरी में कमी आएगी।

योजना में दो नई स्टेबलिंग लाइनें बनाने का भी प्रावधान है। इनका उपयोग उन ट्रेनों को खड़ा करने में किया जाएगा, जो कुछ समय के लिए यार्ड में रुकती हैं। अभी जगह की कमी के कारण कई बार ट्रेनों को मुख्य लाइन पर ही रोकना पड़ता है, जिससे अन्य ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती है।

रेलवे ने इस पूरे कार्य को करीब 9 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों का मानना है कि काम पूरा होने के बाद यार्ड की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

इस परियोजना से यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेनों की देरी कम होगी, प्लेटफॉर्म समय पर उपलब्ध होंगे और आउटर पर ट्रेनों के खड़े रहने की समस्या में कमी आएगी। साथ ही पीक टाइम में भी भीड़भाड़ घटेगी, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बन सकेगी। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर बड़ा अपग्रेड: ट्रेनों की देरी खत्म करने के लिए बनेंगी नई लाइनें

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम