जबलपुर: कॉलेज में एडमिशन से छूटे छात्रों के लिए बड़ी खबर, 16 सितंबर तक बढ़ी CLC राउंड की तारीख; ‘पहले आओ, पहले पाओ’ पर मिलेंगे दाखिले

जबलपुर: कॉलेज में एडमिशन से छूटे छात्रों के लिए बड़ी खबर, 16 सितंबर तक बढ़ी CLC राउंड की तारीख; ‘पहले आओ, पहले पाओ’ पर मिलेंगे दाखिले
जबलपुर, यशभारत। कॉलेजों में स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में अब तक प्रवेश पाने से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। हाई कोर्ट जबलपुर में दायर न्यायालयीन प्रकरण में पारित आदेश के अनुपालन में उच्च शिक्षा विभाग ने अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब खाली बची सीटों पर 12 से 16 सितंबर 2026 तक एडमिशन दिए जाएंगे।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दाखिला उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और अशासकीय (प्राइवेट) कॉलेजों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए इस शैक्षणिक सत्र 2026-27 का यह अंतिम अवसर होगा।
कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया फैसला उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में 21 से 31 अगस्त 2026 तक अतिरिक्त सीएलसी चरण का आयोजन किया गया था। हालांकि, हाई कोर्ट के फैसले के बाद विभाग ने आदेश जारी कर काउंसलिंग की अवधि 16 सितंबर तक बढ़ा दी है। विभाग ने सभी संबंधित कॉलेजों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।







