जबलपुर में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: टोल का बैरियर तोड़कर भाग रहा तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और SUV जब्त

जबलपुर में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: टोल का बैरियर तोड़कर भाग रहा तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और SUV जब्त

जबलपुर (यशभारत)। सागर जिले में हुई जहरीली शराब त्रासदी के बाद जबलपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बरगी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश

बरगी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धूमा की ओर से एक एसयूवी गाड़ी (MP 20 ZW 5181) में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जबलपुर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम निगरी कैनाल के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ते हुए तेजी से भागने लगा।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, कार से मिली शराब

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर घेराबंदी कर एसयूवी को रोक लिया। गाड़ी चला रहे बेलखाड़ू निवासी आशुतोष शिवहरे (30 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। जब पुलिस ने एसयूवी की तलाशी ली, तो उसके अंदर से 48 पाव और 359 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एसयूवी और एक अन्य मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे जबलपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।

अवैध शराब के खिलाफ निवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई,30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, करीब दो क्विंटल महुआ लाहन मौके पर नष्ट

Exit mobile version