katniमध्यप्रदेश

आस्था के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हो बप्पा की विदाई,महापौर श्रीमती सूरी ने अनंत चतुर्दशी पर शहरवासियों से की सहयोग की अपील

आस्था के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हो बप्पा की विदाई,महापौर श्रीमती सूरी ने अनंत चतुर्दशी पर शहरवासियों से की सहयोग की अपील

कटनी (25 सितंबर)। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर आज शहर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने समस्त श्रद्धालुओं एवं गणेश उत्सव समितियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं देते हुए बप्पा की विदाई को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की है।

 

महापौर ने कहा कि श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम एवं चलित विसर्जन कुंडों में ही करें। नदी, तालाब एवं अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन न करें। नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर विसर्जन कुंडों की व्यवस्था की गई है, ताकि बप्पा की विदाई श्रद्धा के साथ सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

 

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य को जलस्रोतों में न डालें, बल्कि निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए पूजा स्पेशल वाहनों में ही दें। साथ ही विसर्जन स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में निगम के अमले का सहयोग करें।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि “बप्पा की विदाई आस्था और उल्लास के साथ हो, लेकिन हमारी जिम्मेदारी है कि इस आस्था के साथ पर्यावरण और अपने शहर की स्वच्छता का भी ध्यान रखें।”

 

उन्होंने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से गणेश प्रतिमा विसर्जन करने तथा नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का उपयोग करने की अपील की।

Back to top button