Latestमध्यप्रदेश

मानवता को शर्मसार करने वाली घटना 62 वर्षीय वृद्ध ने किया 2 बच्चियों से दुष्कर्म का प्रयास

बालाघाट। कटंगी क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आंगनबाड़ी में पढ़ रहीं दो मासूम बच्चियों का अपहरण कर 62 वर्षीय वृद्ध ने उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपित अपने मंसूबों में कामयाब होता, इससे पहले ही उसकी हरकत लोगों को पता चल गई।

इस पूरी घटना के पीछे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की लापरवाही भी सामने आई है। थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि घटना शुक्रवार की है। सात और ढाई वर्षीय दो बहनें गांव में ही पास की आंगनबाड़ी गई थीं।

आरोपित योगेंद्र गड़पंडेय उर्फ पागल पटेल पुत्र रोशनलाल ने आंगनबाड़ी के बाहर से इन बच्चियों का पहले अपहरण किया और कुछ दूरी पर एक अस्पताल के पास ले जाकर बच्चियों से दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

बच्चियों ने जब रोना शुरू किया, तब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका समेत आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उसके चंगुल से बच्चियों को छुड़ाया। पुलिस अधीक्षक नगेंद्र सिंह ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। बुजुर्ग मानसिक विकृत बताया गया है। उसने दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था, जिसे कुछ लोगों ने देख लिया।

लोगों ने बच्चियों को उसके चंगुल से छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित बच्चियों की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम