कटनी(YASH BHARAT.COM)। माधवनगर के अमीरगंज क्षेत्र स्थित कांजी हाउस में एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। नगर निगम के एक कर्मचारी पर गौवंश के बछड़े को कथित रूप से जिंदा जलाने का आरोप लगा है। यह आरोप जनसुनवाई के दौरान करन मिश्रा द्वारा लिखित शिकायत के माध्यम से महापौर के समक्ष रखा गया, जिसमें नगर निगम कर्मचारी रंजन रावत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में बताया गया है कि लगभग 10 से 15 दिन पूर्व अमीरगंज कांजी हाउस परिसर में एक गाय के बछड़े को जिंदा जला दिया गया। मामले के सामने आने के बाद नगर निगम अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मचारी रंजन रावत को अमीरगंज कांजी हाउस से हटाकर फायर ब्रिगेड कार्यालय में स्थानांनतरित कर दिया गया है लेकिन उसके विरूद्ध कोई अनुशासनात्सम कार्रवाई नहीं की गई है। इससे घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने इस कथित क्रूरता को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है और आरोपी को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर कठोर दंड दिए जाने की मांग की है। हिंदू संगठनों का कहना है कि दोषी कर्मचारी पर यदि कठोर कार्रवाई नहीं की जाती तो संगठन नगर निगम का घेराव करते हुए कर्मचारी पर कठोर कार्रवाई करने की मांग करेगा।