नवरात्रि पर अलर्ट कटनी पुलिस, एएसपी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च,धार्मिक स्थलों, गरबा और रामलीला आयोजन स्थलों का लिया जायजा, प्रमुख बाजारों में बढ़ाई निगरान
कटनी। शारदेय नवरात्रि पर्व और शहर में आयोजित हो रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों, रामलीला स्थलों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसके तहत पुलिस द्वारा पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह सहित पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। पुलिस टीम ने मिशन चौक से गश्त शुरू कर खेरमाई मंदिर, गरबा आयोजन स्थल, रामलीला स्थल और जालपा मढ़िया सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया।
इस दौरान धार्मिक स्थलों, दुर्गा प्रतिमा पंडालों, गरबा एवं रामलीला आयोजन स्थलों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही संबंधित स्थानों और दुकानों की जांच कर संदिग्ध वस्तुओं एवं गतिविधियों पर नजर रखी गई।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों, पंडालों, गरबा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर फिक्स पॉइंट बनाकर पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी की जा रही है।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










