हादसे के बाद हुआ जमकर हंगामा बंधी रेलवे फाटक समीप हाइवा की टक्कर से दो की मौत, भड़के ग्रामीणों का पुलिस पर पथराव

हादसे के बाद हुआ जमकर हंगामा बंधी रेलवे फाटक समीप हाइवा की टक्कर से दो की मौत, भड़के ग्रामीणों का पुलिस पर पथरा
कटनी/ स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधी रेलवे फाटक के समीप भीषण सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। एक तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया, हाइवा चालक की पिटाई की और बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
तेज रफ्तार का कहर: मौके पर तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरवारा निवासी राजेंद्र कोल (30) और राजा भैया कोल (30) गुरुवार रात अपनी मोटरसाइकिल से रेलवे फाटक की ओर आ रहे थे। इसी दौरान हाइवा क्रमांक PB 10 HN 2438 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
डायल 112 पर हमला, पुलिसकर्मियों ने भागकर बचाई जान
हादसे के बाद माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हाइवा चालक को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही जब डायल 112 मौके पर पहुंची, तो भीड़ का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे उसमें सवार पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पथराव के बीच जान बचाकर भागते समय पुलिस का वाहन रेलवे फाटक से टकरा गया, जिससे फाटक भी क्षतिग्रस्त हो गया।








