katniमध्यप्रदेश

खनिज माफियाओं पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई,बड़वारा के नदी घाटों पर बड़ी कार्रवाई,अस्थायी रास्ते ध्वस्त,वाहन जब्त

खनिज माफियाओं पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई,बड़वारा के नदी घाटों पर बड़ी कार्रवाई,अस्थायी रास्ते ध्वस्त,वाहन जब्

 

कटनी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाया, जिसमें कई अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई गई।

 

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने क्षेत्र के बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़, सुड्डी सहित आसपास के नदी घाटों पर दबिश देकर व्यापक निरीक्षण किया।

 

कार्रवाई के दौरान पाया गया कि स्थानीय स्तर पर अवैध खनन और परिवहन को सुगम बनाने के लिए कई अस्थायी पहुँच मार्ग बनाए गए थे। संयुक्त अमले की मौजूदगी में इन सभी अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन द्वारा पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लग सके।

 

निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त एक वाहन को भी जब्त किया गया और उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

इस कार्रवाई में अनुविभागीय दंडाधिकारी  प्रमोद चतुर्वेदी, उपसंचालक खनिज  आर.के. दीक्षित, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी  पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार श्री हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक पुलिस श्री रामनाथ साकेत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

जिला प्रशासन द्वारा खनिज माफियाओं के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि