विशेष संवाददाता, गाजियाबाद । : LLB छात्रा से रेप का आरोपी 8 महीने बाद जेल से छूटा, समर्थकों ने फूल बरसाकर निकाला गाड़ियों का काफिला; वीडियो वायरल। 1 उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से कानून और सामाजिक मर्यादा को ठेंगा दिखाने वाली एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। एलएलबी (LLB) की छात्रा से नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में करीब 8 महीने से डासना जेल में बंद आरोपी सुशील प्रजापति रविवार (17 मई) को जमानत पर बाहर आया। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि जेल से बाहर आते ही उसके समर्थकों ने उसका स्वागत किसी ‘नायक’ की तरह किया।
: LLB छात्रा से रेप का आरोपी 8 महीने बाद जेल से छूटा, समर्थकों ने फूल बरसाकर निकाला गाड़ियों का काफिला; वीडियो वायरल।
समर्थकों ने न सिर्फ आरोपी पर फूलों की बारिश की, बल्कि उसे कंधों पर बैठाकर जेल परिसर से सड़क तक ले गए। इसके बाद गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ एक जुलूस निकाला गया। इस पूरे शक्ति प्रदर्शन का वीडियो बनाकर समर्थकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर भी पोस्ट किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि आरोपी सुशील प्रजापति हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है।
कोर्ट में प्रैक्टिस दिलाने के बहाने किया था दुष्कर्म
यह पूरा मामला अगस्त 2025 का है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नवंबर 2021 में सुशील प्रजापति की मुलाकात मेरठ कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही एक लॉ की छात्रा से हुई थी। सुशील ने छात्रा को गाजियाबाद कोर्ट में किसी बड़े सीनियर वकील के अंतर्गत अच्छी प्रैक्टिस और हर महीने पैसे दिलवाने का झांसा दिया था।
8 अगस्त 2025 की सुबह सुशील ने छात्रा को फोन कर बताया कि सीनियर वकील से बात हो चुकी है और मुलाकात करनी है। छात्रा जब मेरठ से बस पकड़कर मुरादनगर पहुंची, तो सुशील वहां अपनी थार गाड़ी के साथ खड़ा था। वह छात्रा को गाजियाबाद के एक फ्लैट पर ले गया, जहां उसने छात्रा को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कोल्ड ड्रिंक पीते ही जब छात्रा को बेहोशी छाने लगी, तब आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
‘बड़े लोगों से संबंध हैं…’ देकर गया था जान से मारने की धमकी
वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसकी हत्या करवा देगा। उसने धौंस जमाते हुए कहा था कि उसके बड़े-बड़े लोगों से संबंध हैं और वह हिंदू युवा वाहिनी संगठन से जुड़ा हुआ है। इसके बाद वह पीड़िता को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया था।
25 हजार का इनामी था आरोपी, बजरंग दल ने किया था हंगामा
होश में आने के बाद 8 अगस्त 2025 की रात करीब 11 बजे पीड़िता मुरादनगर थाने पहुंची थी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के समर्थन में गोरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए थे और भारी हंगामा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी सुशील पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद 20 अगस्त 2025 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर डासना जेल भेज दिया था। अब करीब 8 महीने बाद आरोपी को कोर्ट से जमानत मिली है, जिसके बाद जेल के बाहर हुए इस जश्न ने एक बार फिर नए विवाद को जन्म दे दिया है।

