Abkari Raid In Indore: आबकारी विभाग ने 56 स्थानों पर की कार्यवाही, 8 लाख की सामग्री जब्त

Abkari Raid In Indore: आबकारी विभाग ने 56 स्थानों पर की कार्यवाही, 8 लाख की सामग्री जब्त इंदौर जिले में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अवैध शराब तस्करों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग के अमले द्वारा विगत दो दिनों में 56 स्थानों पर छापामार कार्यवाही की गई। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध सामग्री जप्त की गई। कुल 56 प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें धारा 34(2) के तहत तीन आरोपितों को जेल भेजा गया तथा एक आरोपित फरार है।
बिना पास परमिट के कुल 400 पाव देशी अवैध शराब उज्जैन भोरांसला रोड पर जप्त की गई। इसी तरह वृत छावनी के उपनिरीक्षक राजेश तिवारी और स्टाफ द्वारा पालदा नई बस्ती स्थित सुधीर सिलावट पुत्र नंद किशोर सिलावट के रहवासी मकान एवं नाले किनारे अगरबत्ती फैक्ट्री की छत पर तलाशी में कुल 531 पाव देशी मदिरा बरामद की गई। आरोपित मौके से फरार हो गया।
सहायक आयुक्त आबकारी मनीष खरे ने बताया कि वृत बालदा कॉलोनी में मीरा सिंह द्वारा आरोपित रेनू पति विनोद कश्यप, अहिल्या पलटन इंदौर के रिहायशी मकान से 575 पाव देशी मदिरा जप्त की गई।
वृत आंतरिक एक के उपनिरीक्षक नितिन आशापुरे द्वारा आरोपित राजेश चौहान निवासी ग्राम बुरानाखेड़ी इंदौर के कब्जे से 500 पाव देशी मदिरा जप्त किए। इन चारों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्यवाही में जिले के समस्त सहायक जिला अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक एवं आरक्षक तथा नवागत आरक्षक सम्मिलित थे।








