10 साल की सेवा पूरी करने वाले पंचायत सचिवों को एक अप्रैल से नया वेतनमान, 24 सौ का ग्रेड पे

भोपाल। एक अप्रैल 2018 को दस साल की सेवा पूरी करने वाले पंचायत सचिवों को नया वेतनमान मिलेगा। इन्हें 5200-20200 और 2400 का ग्रेड पे मिलेगा। साथ ही हर साल तीन प्रतिशत की दर से वार्षिक वेतनवृद्धि भी दी जाएगी।
महंगाई भत्ता छठवें वेतनमान के हिसाब से मिलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा और कैबिनेट का फैसला होने के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने शुक्रवार को इसके आदेश जारी कर दिए।
पंचायत सचिव 23 अप्रैल को कैबिनेट में फैसला होने के बाद नए वेतनमान के आदेश जारी न होने को लेकर लगातार मंत्रालय के चक्कर लगा रहे थे। विभाग ने शुक्रवार को नए वेतनमान के आदेश निकाल दिए। इसके तहत एक जनवरी 2018 के बाद पंचायत सचिव बनने वालों को दो साल तक दस हजार रुपए निश्चित मानदेय मिलेगा।
दो साल संतोषजनक काम पाए जाने पर इन्हें 5200-20200 और 1900 रुपए ग्रेड पे का वेतनमान दिया मिलेगा। एक अप्रैल 2018 को 2400 ग्रेड पे में वेतन तय होने के बाद अगली वेतन वृद्धि की पात्रता जुलाई 2019 में होगी। सचिवों को पहले की तरह 250 रुपए प्रतिमाह यात्रा भत्ता पहले की तरह मिलता रहेगा।







