7th Pay Commission : 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, महंगाई भत्ते DA में वृद्धि पर 21 अक्टूबर को फैसला

7th Pay Commission : केंद्रीय कर्मचारियों के लिए यह बहुत आवश्यक खबर है। यह इसलिए जरूरी है क्योंकि यह डीए DA महंगाई भत्ते से जुड़ी है। सब कुछ ठीक रहा तो केंद्रीय कर्मचारियों को भविष्य में अच्छा खास महंगाई भत्ता मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
अनुमान है कि केंद्र सरकार दिवाली से पहले ही केंद्रीय कर्मचारियों का वेतन बढ़ा सकती है। यह उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी CPI-IW के बेस ईयर यानी आधार वर्ष में बदलाव करने से संभव हो सकेगा। अगर सरकार इस आधार वर्ष को 2016 कर देती है तो कर्मचारियों को दिए जाने वाले महंगाई भत्ते DA में इजाफा होना तय है। इस परिवर्तन से देश के 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को सीधे तौर पर फायदा होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह माना जा रहा है कि आगामी 21 अक्टूबर को सरकार इस उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) के आधार वर्ष में परिवर्तन कर सकती है और इस संबंध में डिटेल जानकारी जारी कर सकती है। इस वर्ष के आरंभ में केंद्र सरकार ने डीए के भुगतान को हरी झंडी दे दी थी और प्रक्रिया भी शुरू होने वाली थी लेकिन मार्च में कोरोना महामारी के चलते लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान डीए के भुगतान पर रोक लगा दी गई।
यह रोक वर्ष 2021 तक के लिए लगाई गई है। वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों को जो महंगाई भत्ते का भुगतान किया जा रहा है वह 17 प्रतिशत है। पिछले दिनों ही सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए दिवाली प्री-पेड उपहार घोषित किया था। इस शॉपिंग कार्ड का उपयोग कर्मचारी 31 मार्च, 2021 तक कर सकते हैं।