कर्नाटक: मिड-डे मील में अंडा मिलने पर छात्रों का विरोध, मंड्या में 70 बच्चों ने छोड़ा स्कूल। मांड्या तालुका के अलाकेरे गांव के एक सरकारी स्कूल में अंडे बंटने के कारण 70 छात्रों उसको छोड़ दिया है. स्कूल के पास एक मंदिर होने के कारण अभिभावकों ने अंडे बांटने का विरोध किया है. हालांकि कुछ अभिभावकों ने स्कूल में अंडे बांटने की मांग भी की है.
कर्नाटक के मांड्या तालुका के अलाकेरे गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना घटी. यहां एक सरकारी स्कूल के 70 छात्रों ने अंडे बांटने के विरोध में स्कूल छोड़ दिया. स्कूल में छात्रों को अंडे बांटने को लेकर बहस हुई. अधिकांश अभिभावकों ने पहले कहा था कि अगर बच्चों को अंडे दिए गए तो वो उनका स्कूल बदलवा देंगे. वहीं कुछ अभिभावकों ने स्कूल में अंडे दिए जाने की मांग की थी.
इसके बाद दुविधा में फंसे स्कूल प्रशासन ने नियमों के अनुसार अंडे बांटना शुरू कर दिया. इसके बाद, बच्चों ने सामूहिक रूप से स्कूल छोड़ दिया है. इस सरकारी स्कूल में कुल 124 बच्चे पढ़ते हैं, जिनमें से 70 से अधिक छात्र अब स्कूल छोड़ चुके हैं. छात्रों के अभिभावकों ने अपना गुस्सा जाहिर किया.








