Latest

51 प्रतिशत मत का लक्ष्य पाने BJP ने बूथ विस्तारक योजना-2 शुरू की, CM, प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे बूथ पर

BJP Booth Vistarak Abhiyan प्रदेश के सभी 64 हजार बूथों में 51 प्रतिशत मत का लक्ष्य पाने के लिए भाजपा ने बूथ विस्तारक योजना-2 शुरू की है। इसका उद्देश्य हर बूथ को डिजिटल और सशक्त बनाना, नए मतदाताओं को जोड़ना और सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को निचले स्तर तक पहुंचाना है। भोपाल में उत्तर विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का लाभ जनता को बताएं, उनके मन में भाजपा के प्रति प्रेम जगाएं। केजरीवाल के भोपाल दौरे पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस समय तो उनसे यह कहें कि वह स्वर्ग उतार लाएं तो वह कहेंगे कि अभी लेकर आता हूं।

कुछ भी कह देंगे, लेकिन मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के साथ रही है। शिवराज ने कहा कि इस बात की खुशी है कि सभी कार्यकर्ता सक्रिय हैं। सब मिलकर प्रयास करें कि लोगों को योजनाओं का लाभ मिले। बता दें कि बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सभी 57 संगठनात्मक जिलों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में बूथ समिति का सत्यापन किया। इसी तरह अन्य जिलों में जन प्रतिनिधियों ने अलग-अलग बूथ से अभियान का शुभारंभ किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि यह बहुआयामी अभियान है। केंद्र व प्रदेश की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने का काम हमें करना है। चलो बूथ की ओर ध्येय वाक्य के साथ इसे शुरू किया गया है। कार्यकर्ता और 12 हज़ार विस्तारक हर बूथ को डिजिटल व सशक्त बनाएंगे। शर्मा ने भोपाल मध्य विधानसभा के वार्ड क्रमांक 51 और उत्तर विधानसभा के चौक मंडल के वार्ड 23 के एक बूथ से अभियान का शुभारंभ किया।

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम