MP की वोटर लिस्ट से 34.25 लाख नाम कटे, कहीं आपका नाम भी तो नहीं? मोबाइल से ऐसे करें चेक, गायब होने पर अपनाएं ये तरीका

mp sir voter list 34 lakh names check online

MP Voter List 2026। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद प्रदेश की वोटर लिस्ट से 34 लाख 25 हजार से ज्यादा नाम हटाए गए थे। इस आंकड़े ने लाखों मतदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में अगर आप भी मध्य प्रदेश के मतदाता हैं, तो एक बार अपना नाम वोटर लिस्ट में जरूर चेक कर लें। कहीं ऐसा न हो कि मतदान के दिन आपको पता चले कि आपका नाम ही सूची में मौजूद नहीं है।

हालांकि, मतदाताओं के लिए राहत की बात यह है कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत नई प्रारूप सूची जारी कर दी है। 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस सूची में प्रदेश के कुल 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 मतदाता दर्ज हैं। फरवरी में SIR की अंतिम सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता थे। यानी इसके बाद नई प्रारूप सूची में मतदाताओं की संख्या में करीब 8.90 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

SIR में आखिर क्यों कटे 34 लाख से ज्यादा नाम?

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, SIR की प्रक्रिया शुरू होने से पहले मध्य प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 5.74 करोड़ मतदाता दर्ज थे। सत्यापन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 फरवरी 2026 को जारी अंतिम सूची में 5,39,81,065 मतदाता रह गए। इस तरह कुल 34,25,078 नाम हटाए गए।

आयोग की ओर से नाम हटाने के पीछे मुख्य रूप से चार कारण बताए गए थे। इनमें ऐसे मतदाता शामिल थे, जिनका पता सत्यापन के दौरान नहीं मिला, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, जो स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए थे या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे। हालांकि, किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से हट गया हो तो उसे दोबारा जुड़वाने का मौका दिया गया है।

इसे भी पढ़ें-  15 से 17 नवंबर तक मकर राशि में रहेगा चंद्रमा, मिथुन और कुंभ समेत इन राशियों को रहना होगा सतर्क; जानें किन बातों का रखें ध्यान

MP Voter List 2026: मोबाइल से घर बैठे ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम

अब मतदाता को अपना नाम देखने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के जरिए मोबाइल पर ही कुछ मिनटों में जानकारी हासिल की जा सकती है।

स्टेप 1: सबसे पहले निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in/ पर जाएं।

स्टेप 2: यहां Search by EPIC या Search by Details का विकल्प दिखाई देगा। आप अपने वोटर आईडी कार्ड पर दर्ज EPIC नंबर के जरिए या नाम, उम्र और अन्य जरूरी जानकारी भरकर खोज सकते हैं।

स्टेप 3: इसके बाद अपना राज्य मध्य प्रदेश चुनें और स्क्रीन पर मांगी गई जानकारी दर्ज करें।

स्टेप 4: कैप्चा कोड भरकर Search पर क्लिक करें।

स्टेप 5: अगर आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो स्क्रीन पर आपका नाम, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी।

इसके अलावा मतदाता निर्वाचन आयोग के Voter Helpline App के जरिए भी अपना नाम और मतदान संबंधी जानकारी चेक कर सकते हैं।

वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिला तो क्या करें?

अगर ऑनलाइन नाम खोजने पर आपका नाम नहीं मिलता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करके जानकारी की पुष्टि करें। यदि आप पात्र मतदाता हैं और आपका नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर Form 6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

फॉर्म 6: जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे इस फॉर्म के जरिए नए पंजीकरण या नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-  बिना पानी की खपत किए कैसे बनेगी 6 घंटे तक लगातार हरित बिजली? इस परियोजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें पानी खर्च नहीं होगा, बल्कि दोहरे जलाशय प्रणाली के जरिए इसका बार-बार उपयोग किया जाएगा

फॉर्म 8: अगर आपका नाम सूची में मौजूद है, लेकिन नाम, पता या अन्य व्यक्तिगत जानकारी में गलती है, तो सुधार के लिए Form 8 भर सकते हैं। निवास स्थान बदलने पर भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसी फॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है।

दोनों फॉर्म निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित BLO के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है।

11 दिसंबर तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति

मध्य प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में सुधार कराने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष अभियान दिवस भी निर्धारित किए हैं। इन दिनों बूथ स्तर पर अधिकारी मतदाताओं की समस्याएं सुनेंगे और आवेदन प्राप्त करेंगे। इसलिए जिन लोगों को अपनी जानकारी में किसी तरह की गड़बड़ी दिखाई देती है, वे समय रहते आवेदन कर सकते हैं।

SIR को लेकर कांग्रेस और BJP आमने-सामने

मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी भी जारी है। कांग्रेस ने SIR के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे वोट चोरी से जोड़कर आरोप लगाए हैं। पार्टी 22 से 30 नवंबर तक प्रदेश में बूथ स्तर पर ‘वोट रक्षक’ अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत कार्यकर्ता हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे और घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे।

इसे भी पढ़ें-  छपरवाह के चक्की घाट और गायत्री नगर के बाबा घाट सहित दूसरे नदी घाटों पर होगी सूर्योपासना के महापर्व छठ की पूजा, तैयारियां तेज 

वहीं, भाजपा ने SIR की प्रक्रिया का बचाव करते हुए इसे मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए जरूरी बताया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर इस प्रक्रिया का विरोध करने को लेकर निशाना साधा है।

राजनीतिक दलों के अपने-अपने दावों के बीच मतदाताओं के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए खुद अपनी जानकारी आधिकारिक मतदाता सूची में जांच लें।